फतेहाबाद: सरेआम विद्यार्थियों से भरी स्कूल बस पर शरारती तत्वों ने तलवारों से किया हमला, दो बच्चे चोटिल
मोटरसाइकिलों पर आए करीब 8 युवकों ने बस पर हमला किया। इसके अलावा तीन अन्य निजी स्कूल बसों को भी रोका गया।
विस्तार
हरियाणा के फतेहाबाद शहर के शहर के भट्ठा कॉलोनी से मातूराम कॉलोनी रोड पर सात से आठ युवकों ने गुंडागर्दी दिखाते हुए छात्रों से भरी स्कूल बस पर हमला कर दिया। युवकों ने तलवारों से स्कूल बस पर हमला करते हुए चालक खिड़की और पिछली साइड के शीशे तोड़ दिए। हमले में दो छात्रों को हल्की चोटें भी आई हैं। घटना के बाद छात्र बुरी तरह से घबरा गए। हमले के बाद चालक बस को लेकर स्कूल पहुंचा। यहां पर छात्रों ने घटना को लेकर आपबीती बताई।
मामले के मुताबिक सोमवार दोपहर को छुट्टी के बाद भूना रोड स्थित स्कॉलर्स कांवेंट स्कूल की बस छात्रों को लेकर उन्हें घर छोड़ने के लिए जा रही थी। स्कूल बस में 20 से 25 छात्र सवार थे। स्कूल बस भट्ठा कॉलोनी से स्वामी नगर की तरफ जा रही थी और जब मातूराम कॉलोनी के पास पहुंची तो करीब 8 युवकों ने स्कूल बस को रोका और फिर चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दिया।
इसके बाद युवकों ने स्कूल बस पर तलवारों और डंडों से हमला किया। युवकों ने बस के शीशे तोड़ दिए। बस में सवार छात्रों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। हमले के बाद हमलावर युवक मौके से फरार हो गए। चालक तुरंत बस को लेकर स्कूल में पहुंचा। हमले की सूचना के बाद शहर के निजी स्कूलों के संचालक स्कॉलर्स में पहुंचे और सरेआम गुंडागर्दी के खिलाफ रोष व्यक्त किया।
छात्र बोले हमलावर युवक स्कूल बसों को रोककर कर रहे थे अभद्र व्यवहार
स्कूल बस पर हुए हमले के बाद घबराए छात्र बोले कि युवक पहले से रास्ते में खड़े थे और वहां से जो भी बस जा रही थी उन्हें रोककर अभद्र व्यवहार किया जा रहा था। करीब तीन स्कूल बसों को रोका गया और उनके चालक के साथ युवकों ने गलत बोला। जब उनकी बस पहुंची तो रुकवाया और चालक के खिलाफ गलत व्यवहार किया। स्कॉलर्स स्कूल बस के चालक सुरेंद्र ने बताया कि युवकों ने तीन अन्य निजी स्कूलों के बसों को रुकवाकर भी गाली-गलौज किया था। युवकों के पास तलवारें और डंडे थे, जिससे उन्होंने उनकी बस पर हमला किया।
स्कूल बस पर हमला करना सीधा-सीधा प्रशासन को चुनौती है। प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लें। सरेआम छात्रों से भरी स्कूल बसों को रोककर हमला किया जा रहा है, बड़ा हादसा भी हो सकता था। - शैलेन भास्कर, संचालक, स्कॉलर्स कांवेंट स्कूल
स्कूल बस पर युवकों द्वारा हमला करने की सूचना आई है, इसके बाद टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन अभी तक लिखित में शिकायत नहीं दी गई है। - सुरेंद्रा, शहर थाना प्रभारी