{"_id":"8dc8078640b07e0e1f68ceed3c10e816","slug":"congressmen-not-stop-the-infighting-factionalism-yet-been-revealed","type":"story","status":"publish","title_hn":"थम नहीं रहा कांग्रेसियों में अंतर्कलह, फिर खुलकर सामने आई गुटबाजी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
थम नहीं रहा कांग्रेसियों में अंतर्कलह, फिर खुलकर सामने आई गुटबाजी
fatehabad
Updated Sun, 15 Jun 2014 11:26 PM IST
विज्ञापन
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सार्वजनिक मंच पर न लड़ने की हिदायत का कांग्रेसियों पर कोई असर नहीं हो रहा। रविवार को कांग्रेसियों का अंतर्कलह एक बार फिर खुलेआम सामने आया। विश्राम गृह में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा और पर्यवेक्षक बिजेंद्र कादयान को खूब खरी खोटी सुनाई।
विज्ञापन
सीपीएस और पर्यवेक्षक सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 23 जून को फतेहाबाद में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर यहां पर आए हुए थे। पत्रकारों के सामने ही दोनों पक्षों की ओर से खूब आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। कांग्रेसियों ने एक-दूसरे को चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
विज्ञापन
एक कांग्रेसी कार्यकर्त्ता ने सीपीएस को इतना तक कह दिया कि वे कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं, उन्हें मीटिंग में आने का कोई अधिकार नहीं है तो दूसरे कार्यकर्त्ता ने कादयान पर आक्रामक होते हुए कहा कि वे यहां आते हैं और मात्र प्रेस कांफ्रेंस करके चले जाते हैं।उन्हें कार्यकर्ताओं की भी बात सुननी चाहिए। कादयान ने कार्यकर्त्ताओं के साथ मीटिंग करने और उनकी बात हाईकमान तक पहुंचाने का आश्वासन देकर किसी तरह मामले को शांत करवाया।
विज्ञापन
रविवार को कांग्रेस के पर्यवेक्षक बिजेंद्र कादयान और यहां से विधायक सीपीएस प्रहलाद सिंह ने पत्रकारों को बातचीत के लिए बुलाया था। वहां पर कुछ कांग्रेसी जिला परिषद उपाध्यक्ष दीपक भिरड़ाना, बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सुशील बिश्नोई, डॉ. आत्म प्रकाश, ऊषा दहिया और टेकचंद मिढा पहुंचे।
कादयान ने जैसे ही अपनी बात खत्म की तो जिला परिषद के उपाध्यक्ष दीपक भिरड़ाना ने सीपीएस प्रहलाद सिंह को निशाना बनाते हुए कहा कि फतेहाबाद में किसी कार्यकर्त्ता के काम नहीं हुए। वे कांग्रेसी होते हुए भी यहां पांच साल तक विपक्षियों की तरह रह रहे हैं उनकी कोई सुनवाई नहीं र्हुई। इस पर प्रहलाद सिंह ने उन्हें कहा कि वे आगे भी विपक्षी रहेंगे। इस पर दोनों में तकरार शुरू हो गई।
दीपक भिरड़ाना ने प्रहलाद सिंह को यहां तक कह दिया कि वे कांग्रेस संगठन के सदस्य तक नहीं हैं, कांग्रेसी के खिलाफ मैदान में उतरने पर उन्हें तो 6 साल के लिए निष्कासित किया जा चुका है। वे किस हैसियत से मीटिंग में भाग ले रहे हैं। दीपक ने आरोप जड़ा कि प्रहलाद सिंह की वजह से कांग्रेस पार्टी से गांव में कार्यकर्त्ता टूट रहे हैं। अभी दीपक बोल ही रहे थे कि बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सुशील बिश्नोई ने बिजेंद्र कादयान पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि वे यहां आते हैं और प्रेस कांफ्रेंस करके चले जाते हैं, उन्हें कार्यकर्त्ताओं की बात सुनने के बाद ही मीडिया से बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन्हीं वजहों से कार्यकर्त्ता नाराज हैं। इस पर बिजेंद्र कादयान ने कहा कि वे अभी कार्यकर्त्ताओं की बैठक लेंगे। इस पर कार्यकर्ता शांत हुए।
टिकट सिर्फ कांग्रेेसी को ही मिले : भिरड़ाना
जिला उपाध्यक्ष दीपक भिरड़ाना ने कहा कि फतेहाबाद में कांग्रेस को खत्म करने वाले प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा है। सीपीएस ने कांग्रेसियों के लिए कोई काम नहीं किया। लोकसभा में हार से कांग्रेस को पता चल ही गया है कि कार्यकर्ता किसके कारण यहां तंग थे। वे कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं और जो कांग्रेस को बर्बाद करने की कोशिश करेगा वह उसकी खिलाफत करेंगे। उन्होंने हाईकमान से मांग की है कि विधानसभा चुनाव में टिकट किसी कांग्रेसी को ही दी जाए।
कोट
जनता जानती है कि कौन सही है। इससे ज्यादा मुझे इस मामले में कुछ नहीं बोलना है।
- प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, सीपीएस
कांग्रेस के दो लाख कार्यकर्ता संभालेंगे चुनाव की कमान
फतेहाबाद। हरियाणा में विगत साढे़ नौ वर्षों में कराए विकास की बदौलत कांग्रेस पार्टी तीसरी बार सत्ता में आएगी। कांग्रेस के दो लाख से अधिक कार्यकर्ता इस बार विधानसभा चुनाव की कमान संभालेंगे। यह दावा कांग्रेस पार्टी फतेहाबाद के पर्यवेक्षक बिजेंद्र कादयान ने मुख्य संसदीय सचिव प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा की उपस्थिति में लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारवार्ता में किया।
उन्होने कहा कि प्रदेश भर मेें जिलास्तरीय सम्मेलनों से पार्टी को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि फतेहाबाद जिले में 23 जून से पहले खंड स्तर पर भी कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित किया जाएगा। जिला स्तरीय सम्मेलनों में सक्रिय कार्यकर्ताओं का डाटा भी तैयार किया जाएगा ताकि कांग्रेस की सरकार बनने पर उनकी सरकार में भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
एक सवाल के जवाब में कादयान ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश में अफसरशाही पर पूरी तरह लगाम लगाई है। अभी तक नौ जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन और अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की जा चुकी है। विकास कार्यों में क्षेत्रीय भेदभाव के सवाल पर मुख्य संसदीय सचिव प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा ने कहा कि फतेहाबाद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 4200 करोड़ से भी अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि 16 जून को भूना में जनता धर्मशाला में सुबह नौ बजे और रतिया की अग्रवाल धर्मशाला में सुबह 11 बजे कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।