फतेहाबाद। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के फतेहाबाद शहरी कार्यालय में शुक्रवार सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम द्वारा जांच की गई। इस दौरान बिजली निगम के कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर, बिजली बिल और बिजली खपत का रिकॉर्ड कैसे लिया जाता है, इसकी जानकारी मांगी गई। बिजली निगम के चल रहे कामों का भी रिकॉर्ड जांचा गया। शहरी एसडीओ मानिक से भी टीम के सदस्यों ने सवाल जवाब किए। कई विषयों पर लिखित में भी जवाब मांगा गया है।
जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग की टीम सुबह 10 बजे बिजली निगम कार्यालय पहुंची। टीम के पहुंचने की सूचना से पूरे कार्यालय में खलबली मच गई। कर्मचारी अपनी सीटों पर काम करते नजर आए। इस दौरान टीम एसडीओ मानिक के कार्यालय में बैठकर जांच की गई। वहीं, बिजली निगम में शिकायत केंद्र में मिल रही शिकायतों को लेकर पूछताछ की गई। टीम के द्वारा बिजली निगम के कार्यालय में तैनात सभी जेई को माैके पर बुलाकर बारीकियों की जांच की गई है। इसके बाद शहरी बिजली निगम में कार्यरत सभी कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है।