फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Fatehabad News ›   Chief Minister promised, projects worth Rs 313 crore will change the face of the district

Fatehabad News: मुख्यमंत्री ने दी साैगात, 313 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी जिले की सूरत

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 26 Jul 2024 01:13 AM IST
विज्ञापन
Chief Minister promised, projects worth Rs 313 crore will change the face of the district
फतेहाबाद में विकास कार्यों का ​शिलान्यास करते मुख्यमंत्री नायब सैनी। साथ हैं सांसद सुभाष बराला 
फतेहाबाद। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को जिलावासियों को बड़ी सौगात देते हुए करीब 313 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने फतेहाबाद हलके में विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि अलग से देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ोपल में वन्य जीव उपचार केंद्र बनाया जाएगा। सरकार की पॉलिसी के अनुसार रास्तों के बीच में लगे खंभों और घरों के ऊपर से गुजरने वाली बिजली की तारों को निगम द्वारा निशुल्क हटाया जाएगा। वहीं गांवों में जहां वोल्टेज कम है, वहां बिजली निगम द्वारा बड़े ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि भूमि उपलब्ध होने पर वार्ड नंबर 13-14 में बूस्टिंग स्टेशन बनाया जाएगा। फतेहाबाद के मिनी बाईपास का नवीनीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूना को उपमंडल तथा भट्टू को तहसील बनाने पर सरकार द्वारा गठित कमेटी विचार कर रही है, मानदंड पूरा होते ही इन्हें उपमंडल और तहसील बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार फतेहाबाद में प्रगति रैली करने पहुंचे नायब सैनी विधायक दुड़ाराम की ओर से रैली में एकत्रित की गई भीड़ को देखकर गदगद नजर आए। उन्होंने कहा कि इस रैली में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति हमारी सरकार के कार्यों और नीतियों के प्रति अपने समर्थन व विश्वास का प्रतीक है। जनता ने हरियाणा बनने के बाद प्रदेश में कई सरकारों के कामकाज को देखा है, लेकिन विकास के मामले उनमें क्षेत्रवाद हावी रहा। हमारी सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से प्रदेश के हर क्षेत्र में समान विकास किया है। हमने जिला, शहर और हलके से ऊपर उठकर पूरे प्रदेश को एक दृष्टि से देखा है। क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर हमने पूरे हरियाणा की तरक्की और खुशहाली के लिए काम किया है।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में फतेहाबाद शहर की हालात दूर-दराज के गांव जैसी थी। सड़कें टूटी पड़ी थीं, पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई थी, बिजली कम आती थी। बारिश में जलभराव होता था। पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने यहां विकास के पहिए को निरंतर गतिशील किया है। यहां करोड़ों रुपये की लागत के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं और करोड़ों रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। हमारी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में 4-6 लेन हाईवे का जाल बिछाने का काम किया है। यातायात को सुगम बनाने के लिए बाईपास, फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज व अंडर ब्रिज बनाने का काम किया गया है। उच्च कोटि के शिक्षण संस्थान बनने से शिक्षा के क्षेत्र में एक नए युग का सूत्रपात हो रहा है। आज हरियाणा के विकास की देश ही नहीं, विदेशों में भी चर्चा हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

इन विकास कार्यों का किया शिलान्यास व उद्घाटन
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 79 करोड़ 99 लाख 64 हजार रुपये की लागत की भूना-फतेहाबाद सड़क मार्ग का उद्घाटन किया। इसके अलावा फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र की 23 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत की 10 सड़कों को चौड़ा व सुदृढ़ करने, रतिया विधानसभा क्षेत्र की 23 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से 19 सड़कों को चौड़ा व सुदृढ़ करने, टोहाना विधानसभा क्षेत्र की 27 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत की 42 सड़कों के सुधारीकरण और चौड़ा करने के कार्य का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 11 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत की भटटू-लूदेसर-जमाल सड़क, 18 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत के टोहाना-भूना रोड तथा 41 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत की जाखल-धारसूल-भूना-पाबड़ा सड़क के सुधारीकरण व चौड़ा करने के कार्य का शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों के पूरा होने पर जनता को भरपूर लाभ मिलेगा। यातायात और सुगम होगा।
फतेहाबाद के बजाय टोहाना के रसूलपुर में ही बनेगा मेडिकल कॉलेज
प्रगति रैली में शहरवासियों और विधायक दुड़ाराम की सबसे बड़ी टोहाना के गांव रसूलपुर के बजाय फतेहाबाद में मेडिकल की मांग को मुख्यमंत्री ने टाल दिया। मुख्यमंत्री ने संदेश दिया कि टोहाना के गांव रसूलपुर में संत रविदास के नाम पर बन रहा मेडिकल कॉलेज वहीं रहेगी। रैली में मुख्यमंत्री के समक्ष विधायक दुड़ाराम ने 24 मुख्य मांगें रखी। इनमें से पांच मांगों को सीधे तौर पर मुख्यमंत्री ने पूरा किया जबकि बाकी मांगों को 10 करोड़ रुपये में से ही पूरा करवाने का निर्देश दिया।
90 दिन का समय चुनाव में बचा : बड़ौली
रैली में प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी रात 2 बजे तक लोगों के बीच रहते हैं। जनता की सीधी बात सुनते हैं। आचार संहिता हटने ही हैप्पी योजना चलाने का काम किया ताकि गरीब परिवारों के लोग भी हरियाणा रोडवेज में मुफ्त यात्रा कर पाएं। 90 दिन का समय अब चुनाव में बचा है। नायब सैनी को लंबे समय तक हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री के रूप में काम करवाना है। तीसरी बार जब नायब सरकार बनेगी, तब बहुत सारे कामों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। सरकार में गरीब परिवारों की भागीदारी और मजबूत करेंगे। बड़ौली ने आह्वान किया कि जिले में दो विधायक भाजपा के हैं, इनकी संख्या डबल करनी है।

वेद फुलां को पुराना मित्र बताकर बढ़ा गए कद
रैली के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने संबोधन के दौरान हरकोफेड के चेयरमैन एवं पूर्व जिलाध्यक्ष वेद फुलां को पुराना मित्र बताकर उनका कद बढ़ाया। आगामी विधानसभा चुनाव में फतेहाबाद हलके से भाजपा की टिकट के दावेदारों में वेद फुलां भी शामिल हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री द्वारा मित्र बताए जाने से नई राजनीतिक चर्चाओं को भी बल मिल गया है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, रतिया विधायक लक्ष्मण नापा, चेयरमैन प्रो.रविंद्र बलियाला, भारतभूषण मिड्ढा, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद अशोक तंवर, जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, जिला परिषद अध्यक्ष सुमन खिचड़ सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

फतेहाबाद के लिए मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं कीं

- फतेहाबाद हलके में विकास के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।
- गांव बड़ोपल में वन्य जीव पशु उपचार केंद्र बनेगा।
- बिजली व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए रास्तों में लगे खंभों व घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों को हटाया जाएगा। जहां कम वोल्टेज है, वहां बड़े ट्रांसफार्मर लगेंगे।
- उपयुक्त जगह मिलने पर वार्ड नंबर 13 व 14 में बूस्टिंग स्टेशन बनवाया जाएगा।
- फतेहाबाद के मिनी बाईपास को दुरुस्त किया जाएगा।
- भूना को उपमंडल व भट्टू को तहसील बनाने की मांग कमेटी के समक्ष रखी जाएगी। नॉर्म्स जांचे जाएंगे।

कोट
जीव जंतुओं के इलाज, देखभाल व रखरखाव के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त करीब पांच करोड़ की लागत से बनने वाले प्रोजेक्ट की घोषणा करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पशुपालन मंत्री कंवर पाल, विधायक दुड़ाराम लक्ष्मण नापा का समस्त बिश्नोई समाज की तरफ से आभार व्यक्त करते हैं। हम इसके लिए वर्ष 2019 से लगातार प्रयास कर रहे थे।
विनोद कड़वासरा, प्रदेशाध्यक्ष, अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा

कोट
मैं मेडिकल कॉलेज के लिए आखिर तक लड़ाई लड़ता रहूंगा। दरियापुर-धांगड़ तक फोरलेन का टेंडर चुनाव से पहले करवा दूंगा। भूना को उपमंडल व भट्टू को तहसील बनाने का काम प्रदेश सरकार द्वारा गठित कमेटी के समक्ष रखा हुआ है। मुख्यमंत्री के आगामी समय में भी जलपान के कार्यक्रम करवाए जाएंगे।
दुड़ाराम, विधायक, फतेहाबाद

कोट
:: पहली बार रैली करने आए मुख्यमंत्री ने जनता को निराश ही किया है। सीएम ने अपने भाषण में उन योजनाओं को भी भाजपा की बता दी है, जिनका उद्घाटन मेरे पिता प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा के सीपीएस कार्यकाल के दौरान हुआ था। मुख्यमंत्री की रैली पूरी तरह फ्लॉप शो साबित हुई है।


आनंदवीर गिल्लाखेड़ा, युवा कांग्रेस नेता


विधायक दुड़ाराम ने मुख्यमंत्री के समक्ष इन मांगों को रखा था
- फतेहाबाद में बन रहे 200 बेड के अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाया जाए। अगर जमीन की कमी है तो एचएसवीपी की खाली पड़ी जमीन को साथ लिया जाए।
- फतेहाबाद शहर में औद्योगिक क्षेत्र घोषित किया जाए।

- एचएसवीपी सेक्टर, अल्फा और सोमा सिटी में नहरी पानी सप्लाई के लिए नया जलघर बनाया जाए।
- फतेहाबाद के मिन्नी बाईपास को चौड़ा करके पुन: निर्माण किया जाए।

- भूना को उपमंडल व भट्टू को उपतहसील से तहसील बनाया जाए।

- गांव पीलीमंदोरी व गांव गोरखपुर में महिला कॉलेज बनाया जाए।

- भट्टू रोड पर स्थित जलघर की जगह पर पार्क का निर्माण करवाया जाए।
- सेन समाज को फतेहाबाद व भूना में धर्मशाला बनाने के लिए जमीन दी जाए।

- सितंबर 2022 में भूना में आई बाढ़ से आढ़तियों, किराना, कपड़ा व अन्य व्यापारियों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलवाया जाए।

- किसानों को साल 2020-21 के मुआवजा देने के लिए जे-फार्म की शर्त मुक्त की जाए।
- गांव बड़ोपल में 4 एकड़ जमीन पर वन्यजीव/ पशु उपचार केंद्र बनवाया जाए।

- पुराने बनाए गए खाल दोबारा बनाने के लिए 20 साल की पॉलिसी को हटाकर 10 साल की जाए और मरम्मत भी करवाई जाए।
- फतेहाबाद हलके के काडा विभाग द्वारा नए खाल बनाने की फाइल मुख्य कार्यालय पंचकूला भेजी जा चुकी है, उसको मंजूरी दी जाए।

- खेत-खलिहान स्कीम के तहत हलके के प्रत्येक गांव के दो किलोमीटर कच्चे रास्तों को पक्का किया जाए।
- लाल डोरा के अंदर बसे लोगों को मालिक बना दिया गया है, कुछ लोग लाल डोरा से बाहर बसे हुए हैं, उनको भी मालिकाना हक दिया जाए।

- भट्टू मंडी के गांव इस्तेमाली में गांव को पंचायत समिति की जमीन में बसाया हुआ, उनको मालिकाना हक दिया जाए।
- सरकार की पॉलिसी अनुसार रास्तों के बीच में लगे खंभों व घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की तार को निशुल्क हटाया जाए। जहां वोल्टेज कम है, वहां बड़ा ट्रांसफार्मर लगवाया जाए।

- मार्केटिंग बोर्ड द्वारा बनाई गई विभिन्न सड़कों की मरम्मत करवाई जाए व नई सड़कों का निर्माण करवाया जाए।
- फतेहाबाद शहर के वार्ड नंबर 13 व 14 में बूस्टिंग स्टेशन बनवाया जाए।

- विभिन्न गावों की ढाणियों में पीने के पानी की व्यवस्था करवाई जाए।
- जनस्वास्थ्य विभाग के कई एस्टीमेट मुख्य कार्यालय पंचकूला भेजे गए हैं, उनको मंजूरी दी जाए।

- गांव खजूरी जाटी व गांव सूलीखेड़ा के मिडिल स्कूलों को सीनियर सेकेंडरी बनाया जाए।

- गांव पीलीमंदोरी, भूना, गांव बनवाली व गांव गोरखपुर में खेल स्टेडियम बनाए जाए।
- भट्टू गांव व मंडी को डीटीपी द्वारा कंट्रोल एरिया घोषित किया गया है, उसे इससे मुक्त किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed