रतिया। शहर पुलिस ने एक युवती को डरा धमका कर दुष्कर्म करने के आरोप में चार युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपियों ने अश्लील वीडियो बनाकर फेसबुक व इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी थी।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि वह साल 2017-18 में दसवीं की पढ़ाई कर रही थी और उनके घर के बाहर ही किराने की दुकान है। उनकी दुकान पर मनजीत सिंह सामान लेने के लिए आता था। उसके बाद जब वह बीएड करने के लिए कॉलेज में जा रही थी तो एक दिन मनजीत सिंह अपने एक दोस्त के साथ कार में आया और उसे कार में बिठाकर कॉलेज छोड़ने लगा। कॉलेज जाते समय उसने कार में जबरदस्ती उसकी अपने साथ फोटो खींच ली। युवती ने आरोप लगाया कि जब 2 साल बाद में बीएड करने के बाद एक गांव के स्कूल में ट्रेनिंग करने जा रही थी तो वह एक दिन अपने दोस्त के साथ गांव के स्कूल में पहुंच गया और उसे साथ ले जाने की जिद करने लगा। मगर, जब वह उसके साथ नहीं गई तो कुछ दिन बाद फिर से वह दूसरे दोस्त के साथ स्कूटी पर आया और उसे उसके घर में छोड़ने की बात कहकर गांव से रतिया शहर में ले आया। यहां उसकी बिना मर्जी के ही नए बस अड्डे के पीछे एक होटल में ले गया और वहां पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। युवती ने आरोप लगाया कि उसकी अश्लील वीडियो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी वायरल करने की धमकी दी गई। शहर थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि पुलिस ने युवती की शिकायत पर मनजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, सूर्य सिंह, बागी नामक युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।