भूना। श्रीगोपाल कृष्ण गोशाला में नवनिर्मित शनिदेव मंदिर में नवग्रहों की मूर्ति व शनि-शिला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले शहर में शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शनि-शिला को शहर के विभिन्न मोहल्लों में ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालु लेकर पहुंचे और सैकड़ों लोगों ने शनिदेव की शिला के दर्शन करके मनोकामनाएं पूर्ण होने के लिए प्रार्थना की। उसके बाद शिला को मंदिर परिसर में लाकर मुकेश शर्मा द्वारा हवन व अनुष्ठान संपन्न कराया गया। गोशाला कमेटी के प्रधान घनश्याम बंसल ने बताया कि शनिवार को नवग्रहों की मूर्ति व शनि-शिला की स्थापना होगी और बाद में पूरे दिन भंडारे में स्थानीय शहर के अलावा आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को गोशाला कमेटी के तत्वावधान में अनाज मंडी के प्रांगण में रात्रि को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम में नंदलाल कंबोज, प्रदीप दहमनिया, शिव सिंगला, वीरेंद्र जैन, श्यामलाल बंसल, सुरेंद्र खिचड़, जितेंद्र बंसल, पवन सिंगला, मदनलाल कंबोज, लीलाराम बंसल, रमेश मित्तल सहित कई श्रद्धालुओं ने भाग लिया।