भट्टू कलां। गांव दैयड़ में प्रेमी के घर आकर आग से झुलसने वाली युवती के बयान पर पुलिस ने प्रेमी युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। आरोप है कि युवक ने ही पेट्रोल डाल कर आग लगाया था।
पुलिस को दिए बयान में युवती ने बताया कि गांव दैयड़ निवासी सुजीत उसके साथ पिछले छह वर्षों से लिव-इन रिलेशन में रहता था। सुजीत ने उसे कहा कि हम शादी करेंगे। उसने उसे अंबाला के मुलाना बुलाया, जहां वह एमएससी कर रहा था। मुलाना वह एक साल तक सुजीत के साथ लिव इन में रही। फिर किसी बात पर झगड़ा हो गया और वह अपने घर आ गई। इसके बाद सुजीत को सोलन में नौकरी मिल गई और आठ माह बाद नौकरी से रिजाइन देकर वह मई महीने में वापस आ गया। युवती ने आरोप लगाया कि लड़के का खाने पीने का सारा खर्चा वह स्वयं वहन करती थी। 23 जून को सुजीत ने उसे कागजी दस्तावेज लेकर अपने घर पर गांव दैयड़ में शादी करने की बात कहकर बुलाया। युवती के अनुसार उसने घर पर पहुंच कर पूछा कि क्या यह तुम्हारा घर है, उसने कहा यह घर चाचा का है। लड़की ने पूछा कि तुम्हारा घर कहां है, शादी करके कहां पर रखेगा। इसी बात को लेकर दोनों में लड़ाई हो गई और उसने मुझे थप्पड़ मारा। उनके अलावा कमरे में और कोई नहीं था। आरोप है कि सुजीत ने उसके ऊपर पेट्रोल डाल कर आग लगा दी और वहां से भाग गया। युवती ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दिया है। भट्टू थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने युवक सुजीत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।