रतिया। शहर के टोहाना रोड पर स्थित शिमलापुरी कॉलोनी में उस समय मातम छा गया, जब कॉलोनी के समीप निर्माणाधीन मकान के साथ बनाई गई पानी की डिग्गी में डूबने से सात वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार शिमलापुरी कॉलोनी निवासी चालक कुलदीप सिंह उर्फ काला का 7 वर्षीय बेटा सौरव शनिवार सुबह अपने दादा बलवान के पीछे कॉलोनी में जा रहा था। इस दौरान कॉलोनी में मकान बनाने के लिए बनाए गए पानी के गहरे टैंक में सौरव गिर गया। पीछे आ रहे उसके भाई अनमोल ने शोर मचा दिया। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और सौरव को टैंक से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल में लेकर गए। मगर वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नागरिक अस्पताल में मौजूद परिजनों कुलदीप, तरसेम, बिट्टू, प्रवीण व जरनैल ने कहा कि कॉलोनी बनाने वाले व्यक्तियों द्वारा कई जगह पर पानी के टैंक बनाए गए हैं, जिनको ढकने के बजाय खुला छोड़ रखा है। इसलिए मकान बनाने के दौरान हुई लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है। उन्होंने संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में शहर थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक परिजनों ने बयान नहीं दिए हैं। परिजनों के बयानों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।