Haryana Assembly Election: कांग्रेस में सांसदों के चुनाव लड़ने पर रार, सैलजा और सुरजेवाला ठोक सकते हैं ताल
Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस में सांसदों के चुनाव लड़ने पेच फंस गया है। सांसद कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला ठोक सकते हैं। हालांकि इसके लिए उन्हें पूरी प्रक्रिया से गुजरना होगा।
विस्तार
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों के चयन के जंजाल में फंसी हुई है। एक तरफ भाजपा में जहां सांसदों और लोकसभा के प्रत्याशियों को विधानसभा चुनाव में उतारने को लेकर मंथन चल रहा है, उधर, कांग्रेस में स्थिति इसके बिलकुल उलट है। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने साफ कर दिया है कि अगर कांग्रेस का कोई सांसद विधानसभा चुनाव लड़ना चाहता है, तो इसके लिए पहले उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अनुमति लेनी पड़ेगी। बावरिया के इस बयान के बाद से हरियाणा कांग्रेस की सिसायत गरमा गई है।
वहीं, सिरसा से कांग्रेस की सांसद और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने यह कह कर मामला और गरमा दिया है कि वह विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं और इसके लिए हाईकमान से अनुमति लेंगी। हाईकमान कहेगा तो जरूर चुनाव लडेंगी। वहीं, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला का कहना है कि वह पहले ही कह चुके हैं कि जो भी हाईकमान तय करेगा, उसके अनुसार ही फैसला लिया जाएगा।
हरियाणा में पिछले दस साल से सत्ता से बाहर कांग्रेस को इस बार अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। लेकिन हरियाणा में मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद जारी है। हाईकमान की ओर से किसी भी नेता को सीएम का चेहरा घोषित नहीं किया गया है। एक गुट की ओर से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सीएम पद का दावेदार पेश किया जा रहा है। वहीं, अब कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला भी उनके सामने ताल ठोक कर हुड्डा खेमे की टेंशन बढ़ा दी है।
सैलजा और सुरजेवाला कह चुके हैं विस चुनाव लड़ने की बात
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन के सामने सैलजा और सुरजेवाला दोनों ही विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं। वहीं, कांग्रेस का एक खेमा सांसदों को विधानसभा चुनाव से दूर रखने की रणनीति पर काम कर रहा है।
बिना अनुमति सांसद नही लड़ सकते चुनाव
बुधवार को हरियाणा प्रभारी बावरिया ने इसको लेकर साफ कर दिया कि बिना अनुमति के सांसद विधानसभा चुनाव में नहीं उतर सकते। बावरिया के इस बयान के बाद से हरियाणा कांग्रेस की सियासत गरमा गई है। बता दें कि हरियाणा में कांग्रेस के पांच सांसद हैं। इनमें से सैलजा को छोड़कर जेपी, वरूण चौधरी, सतपाल ब्रह्मचारी और दीपेंद्र हुड्डा पूर्व सीएम हड्डा खेमे से हैं।
जाट-दलित वोट बैंक को साधने की कोशिश
कांग्रेस की परंपरा रही कि वह विधानसभा चुनावों से पहले सीएम चेहरा घोषित नहीं करती। हरियाणा में इसके पीछे कारण ये है कि कांग्रेस की मंशा है कि हुड्डा और सुरजेवाला खेमे के दम पर जाट लैंड और जाट समाज के वोट वैंक को हासिल किया जाए, वहीं सैलजा के दम पर दलित वोट बैंक को साधा जाए। इसलिए हुड्डा, सैलजा और सुरजेवाला द्वारा अलग अलग क्षेत्रों में अलग अलग रैलियां करने पर भी हाईकमान ने न तो कोई हिदायत दी और न ही किसी नेता को चेतावनी दी। तीनों ही नेता सीएम पद के लिए दावेदारी ठोक रहे हैं।
बावरिया पर एक पक्ष ही सुनने के लग चुके आरोप
हरियाणा प्रभारी बावरिया पर कुमारी सैलजा की ओर से पहले भी एक पक्ष सुनने के आरोप लगाए जा चुके हैं। संगठन की सूची जारी करने को लेकर भी सुरेजवाला और सैलजा ने आपत्ति जताई थी। हालांकि, आज तक भी यह सूची जारी नहीं हो सकी है। सैलजा का कहना है कि मेरी भी महत्वाकांक्षा है। मैं राज्य में काम करना चाहती हूं, विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हूं। लेकिन इस बारे अंतिम फैसला हाईकमान ही करेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
