चरखी दादरी: कुश्ती में विनेश तो शूटिंग में मनु ने किया निराश, अब अगले ओलंपिक में पदक की आस
महाबीर फौगाट ने संवाददाता से बातचीत में बताया कि विनेश ने ओलंपिक के लिहाज से मेहनत नहीं की और यही उसकी हार का सबसे बड़ा कारण है। पहलवान महाबीर फौगाट ने बाउट हारने के बाद से विनेश से बात नहीं की है। उनका कहना है कि जब वो घर आएगी, तब इसे लेकर बात करूंगा।
विस्तार
टोक्यो ओलंपिक में भले ही भारतीय दल सात पदक लेकर लौटा है लेकिन दल में शामिल कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपनी धाक के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए।
जिले के गांव बलाली निवासी विश्व की नंबर एक महिला पहलवान विनेश फौगाट ने अपने खराब खेल प्रदर्शन से परिजनों समेत देशवासियों को निराश किया तो वहीं शूटर मनु भाकर भी पदक की उम्मीदों का दबाव नहीं झेल पाई।
जिला निवासी ये दोनों महिला खिलाड़ी पदक की प्रबल दोवदार थीं लेकिन दोनों ही बिना पदक के ओलंपिक से लौटीं हैं। अब इन दोनों खिलाड़ियों से अगले ओलंपिक में पदक की उम्मीद है।
विनेश फौगाट ने कुश्ती के 53 किलोग्राम भारवर्ग में देश का प्रतिनिधित्व किया था। पहला मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया लेकिन मुकाबला विरोधी पहलवान ने जीतकर उन्हें ओलंपिक से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वे अपने चिर-परिचित अंदाज से काफी दूर नजर आई। उनके ताऊ एवं शुरुआती कोच द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान महाबीर फौगाट ने इसे विनेश के करियर की सबसे खराब कुश्ती बताई है।
महाबीर फौगाट ने संवाददाता से बातचीत में बताया कि विनेश ने ओलंपिक के लिहाज से मेहनत नहीं की और यही उसकी हार का सबसे बड़ा कारण है। पहलवान महाबीर फौगाट ने बाउट हारने के बाद से विनेश से बात नहीं की है। उनका कहना है कि जब वो घर आएगी, तब इसे लेकर बात करूंगा।
वहीं, शूटर मनु भाकर के पिता रामकिशन भाकर ने बताया कि ओलंपिक में पदक की उम्मीदों का तनाव भारी पड़ा। मनु तनाव झेल नहीं पाई और पदक की दौड़ से बाहर हो गई। मनु ने तीन वर्गों में देश का प्रतिनिधित्व किया था।
पिछले प्रदर्शन को देखते हुए मनु से शूटिंग में देशवासियों को पदक की उम्मीद थी। इस समय मनु परिजनों के साथ केरल में है। उनके पिता का कहना है कि एक माह के आराम के बाद फिर से तैयारियों की शुरुआत की जाएगी।
ओलंपिक के दबाव जैसी परिस्थितियों से सीख लेकर अब तैयारियां करेगी मनु
रामकिशन भाकर ने बताया कि ओलंपिक में पदक लाने की उम्मीदों का दबाव मनु पर हावी रहा। ऐसा ही माहौल पैदा कर अब मनु को आगे तैयारियां करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अगले ओलंपिक से पहले शूटिंग के कई टूर्नामेंट होने हैं और इस प्रकार की तैयारियां का परिणाम उन मुकाबलों में ही देखने को मिल जाएगा।