बाढड़ा। गांव काकड़ौली सरदारा में लाल डेरा भू-स्वामित्व योजना में बरती गई खामियां दुरुस्त न करने से नाराज ग्रामीणों ने गांव में रजिस्ट्री के लिए आई राजस्व व पंचायत विभाग की टीम को वापस लौटा दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन व विभाग को चेतावनी दी गई कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा तब तक वे योजना में सहयोग नहीं करेंगे।
गांव काकड़ौली सरदारा निवासी पूर्व सरपंच वेदप्रकाश श्योराण ने बताया कि गांव के ग्राम सचिवालय में राजस्व विभाग से पटवारी व पंचायत विभाग के कर्मचारियों ने पहुंच कर लालडोरा भू स्वामित्व योजना के तहत मकानों की रजिस्ट्री करवाने की बात कही। ग्रामीणों ने कर्मचारियों से कहा कि रिकॉर्ड में काफी त्रुटियां हैं, पहले इनको ठीक करना चाहिए था। उन्होंने बताया कि लाल डोरा भू स्वामित्व योजना में गांव के मकान व खाली पड़ी भूमि पर पैतृक मालिकों की बजाए दूसरे लोगों को मालिकाना हक दे दिया गया है, जिससे गांव में विवाद बढ़ गया है। आपसी भाईचारा बिगड़ रहा है। ग्रामीणों ने 19 जुलाई को एसडीएम से भी इसकी शिकायत की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं किया गया। वीरवार को गांव में पहुंची राजस्व विभाग की टीम को बैरंग लौटा दिया। ग्रामीणों ने सीएम को पत्र भेजने की बात कही है। इस अवसर पर बलवान सिंह, रविप्रकाश, करूण शर्मा, आनंद वालिया, सुरेंद्र, मुकेश, जगदीश, हवा सिंह, शिवपाल, रमेश, अमर सिंह, विजय कुमार आदि ग्रामीण मौजूद थे।