{"_id":"684cf4100830d0f21d0788f7","slug":"dadri-plane-crash-plan-to-build-museum-in-memory-of-349-people-did-not-come-to-fruition-two-planes-collided-2025-06-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"दादरी विमान हादसा: 349 लोगों की स्मृति में म्यूजियम बनाने की योजना नहीं चढ़ी सिरे, 1996 में टक्कराए थे दो जहाज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दादरी विमान हादसा: 349 लोगों की स्मृति में म्यूजियम बनाने की योजना नहीं चढ़ी सिरे, 1996 में टक्कराए थे दो जहाज
Sat, 14 Jun 2025 09:31 AM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, दादरी (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, दादरी (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Sat, 14 Jun 2025 09:31 AM IST
सार
दादरी के तत्कालीन डीसी राजेश जोगपाल ने स्मारक बन जाने के बाद सऊदी अरबिया एयरलाइंस और कजाकिस्तान एयरलाइंस के हादसे में मारे गए लोगों के परिवार वालों को स्मारक पर लाने के लिए निशुल्क हवाई यात्रा करवाने की योजना भी तैयार की थी।
विज्ञापन
टिकान कलां की सीमा में वो खेत दिखाता किसान जहां हवाई जहाज गिरा था।
- फोटो : संवाद
विस्तार
जंग लगी व्यवस्था के कारण करीब 28 साल पहले विमान हादसे में मारे गए 349 लोगों की स्मृति में म्यूजियम बनाने की योजना आज तक परवान नहीं चढ़ सकी। जिला प्रशासन ने करीब चार साल पहले टिकान कलां गांव में म्यूजियम बनाने का खाका खींचा था। उपायुक्त के तबादले के बाद योजना ठंडे बस्ते में चली गई।
विज्ञापन
12 नवंबर 1996 की शाम चरखी दादरी में सऊदी अरबिया एयरलाइंस और कजाकिस्तान एयरलाइंस के दो हवाई जहाज आसमान में टकरा गए थे। इनमें से एक हवाई जहाज टिकान कलां में गिरा था। इसमें 349 लोगों की मौत हुई थी। यह दुनिया की प्रमुख हवाई दुर्घटनाओं में से एक है। इसके बावजूद हादसे में मारे गए लोगों की स्मृति में यहां कोई स्मारक नहीं है।
विज्ञापन
वर्ष 2021 में चरखी दादरी के तत्कालीन जिला उपायुक्त राजेश जोगपाल ने हवाई दुर्घटना में मारे गए लोगों की याद में एक स्मारक स्थल बनाने के लिए अधिकारियों को जगह तलाशने के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने पंचायत की जमीन पर स्मारक बनाने की योजना बनाई थी। इसके लिए तत्कालीन एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह को टिकान कलां गांव की पंचायती जमीन का दौरा कर रिपोर्ट सौंपने के लिए निर्देश दिए। इसके बाद उपायुक्त राजेश जोगपाल का दादरी से तबादला हो गया। इसके बाद किसी अधिकारी ने इस पर संज्ञान नहीं लिया।
विज्ञापन
मृतकों के परिजनों को निशुल्क हवाई यात्रा कराने का था प्रस्ताव
तत्कालीन डीसी राजेश जोगपाल ने स्मारक बन जाने के बाद सऊदी अरबिया एयरलाइंस और कजाकिस्तान एयरलाइंस के हादसे में मारे गए लोगों के परिवार वालों को स्मारक पर लाने के लिए निशुल्क हवाई यात्रा करवाने की योजना भी तैयार की थी। इसमें केंद्र सरकार के विमानन मंत्रालय, सऊदी अरब और कजाकिस्तान के दूतावास से भी मदद ली जानी थी।
जिला खनन अधिकोष से बनना था स्मारक
दादरी के तत्कालीन डीसी राजेश जोगपाल ने जिला खनन अधिकोष के बजट से विमान हादसे में मारे गए 349 लोगों की याद में स्मारक का निर्माण करवाने का दावा किया था। उनके तबादले के बाद अन्य संबंधित अधिकारियों ने योजना सिरे चढ़ाने से किनारा कर लिया।