Dadri: ट्रक से टकराई पिकअप; एक की मौत, तीन घायल; एनएच 152 डी पर रानीला के पास हुआ हादसा
चरखी दादरी के लोहारू रोड पर बिरही-बरसाना के बीच कुआ पूजन समारोह से लौट रहे बरसाना निवासी एक परिवार की गाड़ी को ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई।
विस्तार
चरखी दादरी में एनएच 152-डी पर रानीला के समीप मंगलवार रात एक ट्रक और पिकअप की टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया जबकि अचीना ताल चौकी पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम पीजीआई में करवाया। मृतक की पहचान रेवाड़ी निवासी विक्रम के रूप में हुई। पुलिस ने उसके भाई के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रेवाड़ी निवासी व्यक्ति की गई जान
पुलिस को दिए बयान में मृतक विक्रम के भाई शीशराम ने बताया कि वे छह भाई-बहन थे। उसका छोटा भाई विक्रम दस साल से रेवाड़ी रहता था और अपने साथियों के साथ भेड़-बकरियों की खरीद- बिक्री करता था। उसने बताया कि 20 जून की रात उसका भाई अपने साथी गौरव, ऋतुराज और राहुल के साथ पिकअप में सवार होकर रेवाड़ी से अंबाला जाने के लिए रवाना हुए थे। अंबाला जाते समय जब वो एनएच 152 डी पर रानीला के समीप पहुंचे तो उनकी पिकअप ट्रक से टकरा गई।
घायलों को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई लाया गया
घटना में विक्रम और उसके तीनों साथी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया जबकि हादसे में घायल तीनों लोगों को वहां उपचार चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि ट्रक चालक की लापरवाही से हादसा हुआ जिसमें विक्रम की जान गई है। उन्होंने पुलिस से आरोपी चालक पर कार्रवाई करने की मांग की है।
कुआ पूजन समारोह से लौट रहे परिवार की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत
चरखी दादरी के लोहारू रोड पर बिरही-बरसाना के बीच कुआ पूजन समारोह से लौट रहे बरसाना निवासी एक परिवार की गाड़ी को ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के बेटे के बयान पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस को दिए बयान में बरसाना निवासी मनदीप ने बताया कि 20 जून को वो अपने पिता अशोक और मौसा रोहताश के साथ कार में सवार होकर अपनी बहन की ससुराल राजस्थान के माछल बहरोड़ में गया था। वहां वो कुआ पूजन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। मनदीप ने बताया कि समारोह में शामिल होने के बाद वे रात को कार में सवार होकर घर आ रहे थे। इसी दौरान रात करीब डेढ़ बजे जब वे बरसाना से आगे पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे तो सामने से एक चालक लापरवाही से ट्रक चलाते हुए आया और उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
कार को घसीटते हुए ले गया ट्रक
मनदीप का आरोप है इसके बाद भी चालक ने ट्रक नहीं रोका और उनकी कार को घसीटते हुए ले गया। उसी दौरान उसका मौसा खिड़की से बाहर गिर गया और उसका पिता ड्राइवर की सीट पर जा गिरा। घटना में उसे काफी चोटें आई। इसके बाद उसके मौसा ने राहगीरों की मदद से उसके पिता को कार से बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस कंट्रोल रूम में हादसे की सूचना दी गई। मनदीप ने बताया कि एंबुलेंस के जरिये उसके पिता को दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। देर रात ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और अशोक के शव को शवगृह में रखवा दिया। बुधवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया।