{"_id":"6253ae4886627e76ca2aa1cd","slug":"misbehavior-with-policemen-in-charkhi-dadri","type":"story","status":"publish","title_hn":"बदसलूकी: चरखी दादरी में पुलिस टीम से हाथापाई, वर्दी फाड़ी, झगड़े में महिला के कपड़े फाड़ने की सूचना पर पहुंचे थे जांच करने ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
बदसलूकी: चरखी दादरी में पुलिस टीम से हाथापाई, वर्दी फाड़ी, झगड़े में महिला के कपड़े फाड़ने की सूचना पर पहुंचे थे जांच करने
Mon, 11 Apr 2022 10:04 AM IST
निवेदिता वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी (हरियाणा)
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Mon, 11 Apr 2022 10:04 AM IST
सार
पुलिस को दी शिकायत में ईएसआई संसार सिंह ने बताया कि वह बाढड़ा थाने में एसडीओ ड्यूटी पर तैनात था। रात थाने में सूचना मिली कि बेरला गांव में विवाद हुआ है और इसमें एक महिला के कपड़े फाड़े गए हैं। इस पर वे जांच करने गांव पहुंचे।
विज्ञापन
पुलिसकर्मियों से हाथापाई।
- फोटो : फाइल
विस्तार
झगड़े में महिला के कपड़े फाड़ने की सूचना के बाद उपमंडल के एक गांव में जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम से हाथापाई करने का मामला सामने आया है। पुलिस का आरोप है कि एक पक्ष के पांच लोगों ने मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी को घूंसे जड़ दिए और ईएसआई की वर्दी फाड़ दी। बाढड़ा थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
पुलिस को दी शिकायत में ईएसआई संसार सिंह ने बताया कि वह बाढड़ा थाने में एसडीओ ड्यूटी पर तैनात था। रात थाने में सूचना मिली कि बेरला गांव में विवाद हुआ है और इसमें एक महिला के कपड़े फाड़े गए हैं। इस आधार पर वे एसपीओ विजयपाल और होमगार्ड विजेंद्र के साथ जांच करने बेरला पहुंचे।
विज्ञापन
ईएसआई के अनुसार उन्होंने दोनों पक्षों को तलब कर जांच शुरू की। इसी दौरान एक पक्ष पुलिस टीम से दुर्व्यवहार करने लगा। उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और ईएसआई से मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। शिकायत के अनुसार ईएसआई के साथ पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। वहां से निकलने के बाद पुलिस टीम थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ ईएसआई ने लिखित शिकायत दी।
विज्ञापन
पुलिस टीम की गाड़ी भी रोकी, ग्रामीणों के समझाने पर हटे
ईएसआई संसार सिंह का कहना है कि उन्होंने मौके से थाने में फोन कर पुलिस सहायता मांगी। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों को समझाते हुए पुलिस के साथ ऐसा सलूक न करने की बात कही। इसके बाद वे पुलिस वाहन के सामने से हट गए और टीम ने थाने में आकर उनके खिलाफ शिकायत दी।
पहले भी हो चुकी हैं पुलिस के साथ मारपीट की घटनाएं
जिले में पुलिस टीम से मारपीट की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। करीब चार साल पहले बाढड़ा में शराब माफिया पुलिसकर्मियों को चलती गाड़ी से धक्का देकर जब्त की गई शराब लेकर ही चंपत हो गए थे। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर छीनी गई शराब बरामद कर ली थी। इसके अलावा भी बाढड़ा और बौंदकलां थाना क्षेत्र के एक गांव में कार्रवाई के लिए पहुंची पुलिस टीम के कार्य में खलल डालने के साथ मारपीट के प्रयास के मामले सामने आ चुके हैं।
इस संबंध में पुलिस ने ईएसआई की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। - चंद्रशेखर, इंस्पेक्टर एवं बाढड़ा थाना प्रभारी