चरखी दादरी: डेयरी से लिए भरे सैंपल, होटलों से जब्त किए सिलिंडर, फैक्टरी में करवाया अचार नष्ट, सीएम फ्लाइंक की कार्रवाई
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने गुरुवार सुबह फूड एंड सप्लाई और नगर परिषद अधिकारियों के साथ मिलकर शहर में कार्रवाई की। प्लास्टिक पॉलिथीन मिलने पर चालान किया गया।
विस्तार
हरियाणा के चरखी दादरी में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने गुरुवार सुबह पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र समेत बाजार स्थित होटलों पर दबिश दी। टीम ने एक दूध डेयरी से जहां खाद्य सामग्रियों के सैंपल लिए तो वहीं दो होटलों से सात घरेलू और कॉमर्शियल सिलिंडर जब्त किए। करीब ढाई घंटे चली कार्रवाई से होटल और डेयरी संचालकों समेत खाद्य सामग्री कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। इसके अलावा चंपापुरी स्थित एक आचार फैक्टरी में भी कार्रवाई करते हुए खराब अचार नष्ट करवाया गया। साथ ही जांच के लिये सैंपल ले लिया।
सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री उड़नदस्ता एसआई अनूप सिंह की अगुवाई में चरखी दादरी पहुंचा। यहां से गुप्तचर विभाग, फूड एंड सप्लाई विभाग, फूड सेफ्टी और नगर परिषद कर्मचारियों की संयुक्त टीम गठित कर पहले पुरानी सब्जी मंडी में दबिश दी गई। यहां स्थित एक दूध डेयरी और किराना स्टोर पर टीम करीब डेढ़ घंटे तक रुकी रही। उस दौरान यहां रखी खाद्य सामग्री की जांच की और सात सैंपल लिए गए।
एसआई अनूप सिंह ने बताया कि डेयरी और किराना स्टोर से दूध, घी, मक्खन, गुलाब जामुन, मिक्स मसाला और मिर्च की पैकिंग से सैंपल लिए गए। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभाग अगली कार्रवाई करेगा।
यहां से सैंपल लेने के बाद टीम मुख्य बाजार स्थित बाबा होटल पर पहुंची। वहां टीम को घरेलू और कॉमर्शियल सिलिंडर रखे मिले। होटल संचालक से जब दस्तावेज मांगे गए तो वो पेश नहीं कर पाया। इस पर फूड एंड सप्लाई विभाग की टीम ने यहां से चार घरेलू और एक कॉमर्शियल सिलिंडर जब्त कर लिया।
इसके बाद टीम ने इसके पास स्थित एक अन्य होटल पर दबिश दी और वहां से भी एक घरेलू और एक कॉमर्शियल सिलिंडर जब्त किया। इसके अलावा सीएम फ्लाइंग ने चंपापुरी स्थित एक अचार फैक्टरी में कार्रवाई करते हुए अचार के सैंपल भरे और खराब अचार को नष्ट करवाया। कार्रवाई के दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ते से एएसआई नरेंद्र, गुप्तचर विभाग डीआई जलधीर फौगाट, नरेंद्र, फूड सेफ्टी विभाग से दीपक चौधरी, फूड एंड सप्लाई विभाग से इंस्पेक्टर यक्ष तेवतिया आदि मौजूद रहे।
313 किलो पॉलिथीन मिली, 25 हजार का काटा चालान
दूध डेयरी और किराना स्टोर पर जांच के दौरान करीब 313 किलो पॉलिथीन मिली, जिन्हें नगर परिषद टीम ने जब्त कर लिया। इतना ही दुकानदार पर इसकी एवज में 25 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया। नप सचिव प्रशांत पाराशर का कहना है कि पॉलिथीन रखने वालों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
दूध डेयरी और किराना स्टोर से सैंपल दिलवाए गए हैं जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभाग अगली कार्रवाई करेगा। होटलों से जब्त सिलिंडर टीम ने जब्त कर लिए हैं। - अनूप सिंह, एसआई, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता