फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Charkhi Dadri News ›   5 kg gold and cash worth Rs 14 lakh stolen from Manappuram Gold Loan Bank branch

Charkhi Dadri News: मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक शाखा से 5 किलो सोना और 14 लाख की नकदी चोरी

Fri, 02 May 2025 11:58 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी Updated Fri, 02 May 2025 11:58 PM IST
विज्ञापन
5 kg gold and cash worth Rs 14 lakh stolen from Manappuram Gold Loan Bank branch
स्ट्रॉंग रूम के अंदर जाकर जांच करती पुलिस टीम। 
चरखी दादरी। परशुराम चौक से महज 15 कदम की दूरी पर स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक शाखा से वीरवार रात चोर 14 लाख रुपये नकद और 5 किलो सोने के जेवर चुरा ले गए। सिक्योरिटी गार्ड शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे बैंक पहुंचा तब वारदात का खुलासा हुआ। बैंक प्रबंधक और पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। सीआईए व एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। हालांकि देर शाम तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। प्रारंभिक जांच में बैंक के किसी कर्मचारी की मिलीभगत से वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार बैंक से 459 उपभोक्ताओं के सोने के जेवर चोरी हुए हैं।
विज्ञापन


डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार ने बताया कि गोल्ड लोन बैंक शाखा में रात में सिक्योरिटी गार्ड तैनात नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पहले मुख्य शटर और फिर ग्रिल का ताला तोड़ा। इसके बाद स्ट्रांग रूम के दरवाजे का ताला तोड़कर तिजोरी तक पहुंचे। स्ट्रांग रूम में रखी तिजोरी का दरवाजा दो अलग-अलग चाबियों से खुलता है। चोरों ने तालों को तोड़ने की बजाय खोलकर चोरी की। सुबह सिक्योरिटी गार्ड शिवा बैंक पहुंचा तो ताला टूटा और शटर खुला मिला। उसने बैंक के सीनियर मैनेजर प्रयास खत्री को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को अवगत करवाया।
विज्ञापन




2 किलो सोने के जेवर और 750 ग्राम नकली सोना छुआ तक नहीं



बैंक में करीब सात किलो सोने के जेवर रखे थे। इसमें से पांच किलो सोने के गहने चोरी हुए हैं। चोर दो किलो सोने के जेवर से भरा एक पैकेट तिजोरी में ही छोड़ गए। इसके अलावा, 750 ग्राम नकली सोने के जेवर भी रखे थे। उसे हाथ तक नहीं लगाया। उपभोक्ता से मिलीभगत कर नकली जेवर लेकर 39.20 लाख का लोन देने पर बैंक के दो अधिकारियों समेत तीन लोगों पर 21 अप्रैल 2025 को केस दर्ज हुआ था।
विज्ञापन
विज्ञापन


चोरों ने काटे सीसीटीवी के तार

बैंक परिसर में स्ट्रांग रूम की सेफ तक 5 ताले थे। इनमें से तीन चोरों ने तोड़े, जबकि दो चाबी से खोले। इतना ही नहीं बैंक परिसर में 4 सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। चोरों ने इनके तार काटकर वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी रिकॉर्डिंग केरल स्थित मुख्यालय के कंट्रोल रूम में होती है।



बैंक में नहीं लगा था डीवीआर

मणप्पुरम बैंक की दादरी शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर नहीं लगा था। बैंक अधिकारियों के मुताबिक केरल स्थित मुख्यालय से ही सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग होती थी। हालांकि पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों में लगे मैमोरी कार्ड को कब्जे में लिया है। सिक्योरिटी सिस्टम ने क्यों काम नहीं किया, इसकी जांच की जा रही है।

इन सवालों का जवाब तलाश रही पुलिस

- करीब साढ़े 6 करोड़ के सोने के जेवर बैंक में रखे होने के बाद भी रात में सिक्योरिटी गार्ड तैनात क्यों नहीं किया।



- स्ट्रांग रूम में रखी सेफ के ताले तोड़ने के बजाय चाबियों से खोले गए।

- बैंक अधिकारियों के 39.20 लाख का फर्जी लोन दिलाने का मामला उजागर होने पर भी बैंक में सुरक्षा जस की तस क्यों रखी गई।



- वीरवार सुबह 11 बजे से बैंक में लाइट नहीं थी। बावजूद इसके शाम 7 बजे बैंक बंद होने तक बिजली फॉल्ट नहीं खोजा गया।



मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक शाखा में चोरी हुई है। बैंक अधिकारियों के अनुसार, करीब 5 किलोग्राम सोने के जेवर और 14 लाख की नकदी चोरी हुई है। फिलहाल, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रहे हैं।




-धीरज कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर





बैंक शाखा का सिक्योरिटी सिस्टम मजबूत था। इसलिए रात में सिक्योरिटी गार्ड तैनात नहीं किया गया। वीरवार रात पता नहीं कैसे सिक्योरिटी सिस्टम ने काम नहीं किया। पुलिस को शिकायत दे दी है।

- सुजीत पांडे, रीजनल हेड, मणप्पुरम बैंक
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed