Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Chandigarh-Haryana News ›   Two accused arrested in Panchkula club firing case

पंचकूला क्लब फायरिंग मामला: दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का खुलासा

Mon, 16 Nov 2026 04:44 PM IST
शाहिल शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़
अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़ Published by: शाहिल शर्मा Updated Mon, 16 Nov 2026 04:44 PM IST
सार

पंचकूला के क्लब में हुई फायरिंग अब अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क तक पहुंच गई है। अमेरिका में बैठे हैंडलर के इशारे पर सक्रिय इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए हरियाणा एटीएस ने पंजाब से दो इनामी आरोपियों को दबोच लिया है। 

विज्ञापन
Two accused arrested in Panchkula club firing case
पंचकूला फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एचएटीएस) ने पंचकूला क्लब फायरिंग मामले में अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े दो इनामी आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिला स्थित गांव लक्खा सिंह वाला हिठाड़ निवासी बलविंद्र सिंह उर्फ छनकु और ढाणी जला लखे के हिठाड़ निवासी सुखविंद्र सिंह उर्फ सोनू के तौर पर हुई है। बलविंद्र सिंह पर 50 हजार रुपये और सुखविंद्र सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और यह पूरा गिरोह अमेरिका में बैठे हैंडलर के संपर्क में था। दोनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

विज्ञापन


मामले का खुलासा और जांच
पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक एटीएस कुलदीप सिंह ने बताया कि 13 सितंबर को पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग की घटना की जांच के दौरान एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का खुलासा हुआ था। मामले की गंभीरता और इसके अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को देखते हुए जांच एटीएस को सौंपी गई थी। एटीएस की टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, खुफिया सूचनाओं और लगातार किए गए प्रयासों के आधार पर नेटवर्क की विभिन्न कड़ियों को जोड़ते हुए यह कार्रवाई की है।

विज्ञापन

आरोपियों की गिरफ्तारी
एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी लगातार अपनी पहचान और लोकेशन बदल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए एटीएस की विभिन्न टीमों द्वारा पंजाब सहित संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। 13 सितंबर 2026 की अलसुबह पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग की घटना में एक युवती घायल हो गई थी। मामले में थाना सेक्टर-5, पंचकूला में मुकदमा नंबर 133 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुछ युवक दो अलग-अलग गाड़ियों में क्लब पहुंचे थे। क्लब में विवाद के बाद एक आरोपी ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी, जिससे युवती घायल हो गई। पुलिस द्वारा मामले की जांच आगे बढ़ाने पर आरोपियों के आपराधिक संपर्कों, हथियारों की उपलब्धता और वित्तीय लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। तकनीकी जांच में पता चला कि यह मामला केवल क्लब में हुई फायरिंग तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके तार एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े हुए थे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का खुलासा
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि नेटवर्क के कुछ हैंडलर विदेश, विशेषकर अमेरिका में बैठकर स्थानीय स्तर पर अपने संपर्कों के माध्यम से गतिविधियां संचालित कर रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े लोगों को रहने के लिए स्थान, वाहन और धनराशि उपलब्ध कराई जाती थी। इनके माध्यम से हथियारों, नशीले पदार्थों और ड्रग मनी को निर्धारित ठिकानों तक पहुंचाने का काम किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय हैंडलरों का इस्तेमाल किया जाता था। इस पूरे नेटवर्क में अलग-अलग स्तर पर काम करने वाले व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

महत्वपूर्ण बरामदगी
एसपी एटीएस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान इससे पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत सिंह, करनजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू, शिवम उर्फ शिवा, सुरजीत सिंह और जज सिंह शामिल हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी और निशानदेही पर पुलिस ने तीन गाड़ियां, जिनमें एक एक्सयूवी-500, एक स्कॉर्पियो और एक हुंडई आई-20 शामिल हैं, बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त एक मोटरसाइकिल, दो अवैध पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, 529 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और ड्रग मनी की गिनती में इस्तेमाल होने वाली तीन कैश काउंटिंग मशीन भी बरामद की गई हैं। इन बरामदगियों से मामले की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है और नेटवर्क की गतिविधियों के संबंध में कई अहम साक्ष्य सामने आए हैं।

जांच का दायरा और भविष्य की संभावनाएं
एसपी एटीएस ने बताया कि इस मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। एटीएस की टीमें पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन, फाइनेंशियल ट्रेल, हथियारों एवं मादक पदार्थों के स्रोत और विदेशों में बैठे हैंडलरों के साथ आरोपियों के संपर्कों की गहनता से जांच कर रही हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण भी किया जा रहा है, ताकि नेटवर्क के अन्य सदस्यों और उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि दोनों नए गिरफ्तार आरोपियों से पांच दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में मिलने वाली जानकारियां इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों को उजागर करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं। मामले में आगे भी अन्य गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed