ढिगावा मंडी (भिवानी)। प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने रविवार को हलके के गांव पहाड़ी, सिंघानी और खरखड़ी गांव का दौरा कर गत दिनों हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। किसानों ने कृषि मंत्री को अवगत करवाया कि ओलावृष्टि से उनकी फसलों में काफी नुकसान हुआ है। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि किसानों के साथ किसी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और उनकी फसलों का आकलन कर ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव जाकर किसानों से नुकसान की जानकारी एकत्रित करें, ताकि आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा सके। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने बीमा कंपनी से रबी फसलों का बीमा करवाया हुआ है, उन्हें कंपनी की ओर से मुआवजा दिलवाया जाएगा। इसके अलावा जिन किसानों ने फसलों का बीमा नहीं करवाया उनकी सरकार से भरपाई करवाई जाएगी। इस अवसर नायब तहसीलदार गौरव राजोरा, कैप्टन रामफल श्योराण, रविंद्र मंढोली, राजीव श्योराण, प्रदीप चाहर, एडवोकेट संजय नेहरा, बलवंत गोठड़ा, विजय गुरावा, अरुण खरकड़ी, सुनील सिरसी उपस्थित रहे।