{"_id":"6589c467d494ef74e402ad38","slug":"sports-department-is-worried-about-budget-khaki-did-wonders-when-it-decided-bhiwani-news-c-21-hsr1027-286951-2023-12-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: खेल विभाग को बजट का मलाल, खाकी ने ठानी तो कर दिया कमाल, 36 गांवों में खेल मैदान कराए तैयार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: खेल विभाग को बजट का मलाल, खाकी ने ठानी तो कर दिया कमाल, 36 गांवों में खेल मैदान कराए तैयार
Tue, 26 Dec 2023 12:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
संजय वर्मा, संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)
संजय वर्मा, संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)
Updated Tue, 26 Dec 2023 12:37 AM IST
सार
पुलिस विभाग ने खुद के बूते ही 36 गांवों में खेल मैदान तैयार कराए हैं। पांच हजार युवाओं को खेलों से जोड़ा गया है। पुलिस में चुनिंदा कर्मचारी ही खेल प्रशिक्षक की भूमिका निभा रहे हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने में सकारात्मक नतीजा मिला है। युवाओं को खेल सामान भी पुलिस मुहैया करा रही है। विभाग अब जिला और राज्य स्तर पर स्पर्धाएं कराएगा।
विज्ञापन
गांव बीरण में पुलिस विभाग द्वारा तैयार किए गएखेल मैदान में खिलाडियों की खेल गतिविधियों का जा
विस्तार
हरियाणा के भिवानी जिले में करीब 10 फीसदी युवा नशे की जकड़ में फंसे हैं। यही वजह है कि हर माह नशा मुक्ति केंद्र में 60 से 70 युवा नशा छुड़ाने पहुंच रहे हैं, जबकि नशे का कारोबार भी बढ़ रहा है। इसी बीच खाकी ने युवाओं को नशे से दूर रखने की ठानी तो कमाल के नतीजे सामने आए हैं।
विज्ञापन
युवाओं को नशे से दूर रखने के मकसद से पुलिस विभाग ने खुद के बूते ही जिले के 36 गांवों में खेल मैदान तैयार करा दिए हैं। जिनसे करीब पांच हजार युवाओं को खेलों से जोड़ना भी संभव हुआ है। पुलिस के चुनिंदा कर्मचारी एसपीओ यानी स्पेशल पुलिस अधिकारी खेल प्रशिक्षक की भूमिका निभा युवाओं के खेल कौशल को निखारने में लगे हैं।
विज्ञापन
जिससे युवाओं को नशा से दूर रखने में भी सकारात्मक नतीजे मिले हैं। इतना ही नहीं ये खेल के मैदान खुद युवाओं ने ही अपने हाथों से तैयार किए हैं, जिसमें वे सुबह और शाम अभ्यास कर अब अपना शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ सामाजिक भाईचारे की भावना को भी प्रबल बना रहे हैं। खिलाड़ियों को खेल का सामान भी पुलिस मुहैया करा रही है वहीं अब जल्द जिला व राज्य स्तर पर खेल स्पर्धाएं भी विभाग कराएगा।
विज्ञापन
भिवानी जिले में पुलिस विभाग ने ग्राम पंचायतों के सहयोग से 36 गांवों को करीब एक माह पहले चिह्नित किया था। जिसमें ऐसी जगह चुनी गई, जिसे गांव के युवाओं को उनकी रुचि के हिसाब से खेल का अभ्यास कराया जा सके। अब प्रत्येक गांवों में सौ से अधिक युवाओं को रोजाना यहां खेल और शारीरिक अभ्यास कराया जा रहा है।
भारतीय सेना और सशस्त्र बल से सेवानिवृत्त होने के उपरांत पुलिस विभाग में लगे स्पेशल पुलिस आफिसरों को जो खेलों में बेहतर रहे हैं, उन्हें इनके प्रशिक्षकों की कमान सौंपी गई हैं। ये एसपीओ युवाओं को सेना का कड़ा अनुशासन और नशे से दूर रहने के लिए मानसिक तौर पर भी फौलादी इरादों का बना रहे हैं। गांव में तैयार खेल मैदान में हर उम्र दराज पहुंच रहे हैं। जिसमें 13 साल के बच्चों से लेकर 43 साल के व्यक्ति भी शामिल हैं। ज्यादातर युवा हैं।
इन गांवों में फौलादी बन रहे हैं युवा
जिले के गांव मंढोलीकलां, हरियावास, गोपालवास, चहड़कलां, सिधनवा, बलियाली, बड़सी, सुखपुरा, बडेसरा, अलखपुा, झुप्पा खुर्द, घंघाला, बिधवान, खेड़ा, गडवा, देवसर, बापोड़ा, सैय, धनाना, हालुवास, पालुवास, नाथूवास, खरकड़ी, सागवान, बीरण, तिगड़ाना, प्रेमनगर, जाटूलुहारी, संडवा, खरक, कलिंगा, कुंगड़, तोशाम, मुंढाल, नौरंगाबाद, दिनोद में खेल मैदान तैयार कर यहां युवाओं को खेल अभ्यास कराया जा रहा है।
ये बोले युवा
मेरे गांव में कोई खेल सुविधा नहीं थी। पुलिस विभाग ने न केवल गांव में खेल मैदान तैयार किया, बल्कि खेल का सामान भी दिया। अब मुझे गांव में सुबह शाम खेलने में कोई हिचक नहीं है। लड़कियों को बाहर जाने में काफी दिक्कतें आती हैं। गांव में ही खेल सुविधा मिलेंगी तो युवा बेटियां भी आगे बढ़ेंगी। -मुस्कान, गांव बीरण।
पुलिस के प्रयासों से गांव में कबड्डी की अच्छी टीम तैयार हुई है। जिसने हाल ही में हुई प्रतियोगिता में पहला स्थान भी जीता है। युवाओं को पहले न खेल मैदान की सुविधा थी न प्रशिक्षक की व्यवस्था थी। अब दोनों मिल गए हैं और खेल सामान भी मिला है। युवा भी नशाखोरी से दूर हैं और खेलों में अपना दम दिखा रहे हैं। -सुमित कुमार, खिलाड़ी।
वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियन में गोल्ड विजेता नीतू घनघस और साक्षी भी धनाना की बेटी हैं। हैंडबाल के काफी खिलाड़ी इंडिया की टीम में हैं। जिला मुख्यालय का भीम स्टेडियम भीम खेल परिसर भी इसी गांव के भीम सिंह के नाम से कई दशकों पहले बना हुआ है। लेकिन हमारे गांव में कोई खेल स्टेडियम नहीं है। सीएम मनोहरलाल ने नीतू के गोल्ड मेडल लाने पर गांव में स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। जिसके लिए पंचायत ने दस एकड़ भूमि देने का प्रस्ताव भी पास कर दिया। लेकिन अधिकारियों ने नॉट फिजिबल दिखा मसौदा बंद कर दिया। पुलिस विभाग ने यहां अपने स्तर पर खेल मैदान तैयार कर युवाओं को खेलों से जोड़ा है। ये प्रयास सराहनीय है और युवा भी खेलों से जुड़ रहे हैं। -वेदपाल सिंह, सरपंच धनाना द्वितीय भिवानी।
पुलिस में स्पेशल पुलिस आफिसर भर्ती किए हैं, जो सेना में खेलों में रुचि रखते हैं, ये गांव के खेल मैदान में युवाओं को रोजाना खेल अभ्यास करा कर पुलिस विभाग के नशा के खिलाफ चलाई मुहिम से जोड़ रहे हैं। ग्राम पंचायतों का भी सहयोग मिल रहा है। ग्राम प्रहरी और ग्राम सहायक भी इसमें अपना योगदान दे रहे हैं। पुलिस विभाग को थोड़े समय में ही जिले के 36 गांवों के खेल मैदान तैयार किए जाने के बाद अच्छे नतीजे मिले हैं। -लोगेश कुमार, नोडल अधिकारी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक भिवानी।
पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत कपूर की ओर से युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें नशे से दूर रखने की मुहिम चलाई गई है। जिले में 36 गांवों में करीब पांच हजार युवाओं को इस मुहिम से जोड़ा जा चुका है। इन युवाओं को खेल सामान पुलिस विभाग द्वारा मुहैया कराया जा रहा है। जल्द ही खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं की जिला स्तर पर खेल स्पर्धाएं कराकर उन्हें और अधिक प्रोत्साहित किया जाएगा। युवाओं से भी हमारी अपील है कि खुद जुड़े और अन्य युवाओं को भी प्रेरित करें। -वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक भिवानी।