Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   Manisha death case: Directives issued for narco-analysis tests of suspected officials and individuals, and for handwriting analysis of the suicide note

मनीषा मौत मामला: संदिग्ध अधिकारियों और लोगों के नार्को टेस्ट व सुसाइड नोट हैंडराइटिंग जांच के निर्देश

Tue, 03 Nov 2026 01:12 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी Updated Tue, 03 Nov 2026 01:12 AM IST
विज्ञापन
Manisha death case:

Directives issued for narco-analysis tests of suspected officials and individuals, and for handwriting analysis of the suicide note
-सीबीआई की विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने पुलिस और सीबीआई की जांच को पक्षपातपूर्ण और त्रुटिपूर्ण बताया
विज्ञापन

-कहा, देश की शीर्ष जांच एजेंसी की लचर जांच से न्याय व्यवस्था पर आम जनता का विश्वास डगमगाता है
-सीबीआई निदेशक को आदेश की प्रति भेजकर नया जांच अधिकारी नियुक्त करने को कहा
-नए सिरे से होगी जांच, 23 दिसंबर को अदालत में दाखिल करनी होगी जांच की स्टेटस रिपोर्ट

संजय वर्मा
भिवानी। पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिल कुमार की अदालत ने 18 वर्षीय शिक्षिका मनीषा की संदिग्ध मौत के मामले में संदिग्ध अधिकारियों और लोगों के नार्को टेस्ट करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तीन स्वतंत्र लैब से मनीषा के कथित सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग जांच करवाने का आदेश भी है।

विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने मनीषा के पिता संजय की ओर से दायर विरोध याचिका स्वीकार करते हुए 31 अक्तूबर को सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को नकार दिया था और नए सिरे से जांच के आदेश के दिए थे। आदेश की प्रति सोमवार को मनीषा के पिता को मिली।
विज्ञापन


अदालत ने पुलिस और सीबीआई की जांच को पक्षपातपूर्ण और त्रुटिपूर्ण बताते हुए कहा कि देश की शीर्ष जांच एजेंसी की ऐसी लचर जांच से आम जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास डगमगाता है। अदालत ने सीबीआई निदेशक को आदेश की प्रति भेजकर तुरंत नया जांच अधिकारी नियुक्त करने को कहा है। मामले में अगली स्टेटस रिपोर्ट 23 दिसंबर 2026 को पेश करनी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

--------
तीन स्वतंत्र लैब से हैंडराइटिंग जांच के आदेश
पुलिस ने दावा किया था कि सुसाइड नोट घटना के कई दिन बाद, 17 अगस्त 2025 को एक दूर के रिश्तेदार से बरामद हुआ। जबकि उक्त व्यक्ति ने अदालत में स्पष्ट रूप से कहा कि उसने ऐसा कोई सुसाइड नोट पुलिस को नहीं सौंपा था। इसके अलावा, मनीषा की असली लिखावट और सुसाइड नोट की लिखावट में काफी अंतर पाया गया। अदालत ने निर्देश दिया कि मनीषा की असली लिखावट और संदिग्ध सुसाइड नोट का मिलान कम से कम तीन विशेषज्ञों के बोर्ड से कराया जाए। इनमें एक फोरेंसिक लैब दक्षिण भारत के किसी राज्य की होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की हेरफेर से बचा जा सके। क्लोजर रिपोर्ट निरस्त करते हुए निर्देश दिया कि सीबीआई का कोई निरीक्षक (एसएचओ) या शाखा प्रमुख (ब्रांच हेड) स्वयं मामले की आगे की जांच करेगा।

संदिग्ध अधिकारियों और व्यक्तियों का नार्को टेस्ट
जांच में ढिलाई और संदिग्ध भूमिका निभाने वाले अधिकारियों व व्यक्तियों डीएसपी संजीव कुमार, एएसआई शकुंतला, देवेंद्र खाद भंडार के मालिक और आदर्श नर्सिंग कॉलेज के मालिक अशोक कुमार सांगवान की सीडीआर निकाली जाए। साथ ही, सच सामने लाने के लिए इनका नार्को एनालिसिस, ब्रेन फिंगरप्रिंटिंग और बीईओएस टेस्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, घटना की रात 12:05 बजे मनीषा के मोबाइल पर घंटी बज रही थी, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। अदालत ने उसके मोबाइल की लोकेशन और उस समय आसपास सक्रिय अन्य मोबाइल नंबरों की गहन तकनीकी जांच करने के भी निर्देश दिए हैं।
------
नर्सिंग कॉलेज की भूमिका और सीसीटीवी की अनदेखी
11 अगस्त 2025 की शाम मनीषा के परिजनों ने 112 पर कॉल कर एक नर्सिंग कॉलेज की जांच करने और वहां के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने का अनुरोध किया था, लेकिन स्थानीय पुलिस अधिकारी एएसआई शकुंतला को भी कॉलेज प्रशासन ने अंदर नहीं जाने दिया। अदालत के अनुसार, जांच में इस तथ्य की अनदेखी की गई। एसआईटी प्रमुख डीएसपी ने नर्सिंग कॉलेज के मालिक से सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर बिना जब्ती मेमो या वीडियोग्राफी के अपने कब्जे में लिया और उसे 40 दिनों तक गैरकानूनी तरीके से अपने पास रखा। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज गायब या टैंपर हो गए।
-------
एम्स दिल्ली की रिपोर्ट में हुआ नया खुलासा
अदालत में सुनवाई के दौरान एम्स नई दिल्ली के पांच डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड की पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट पेश की गई। इस रिपोर्ट ने पुलिस और सीबीआई की थ्योरी को खारिज कर दिया। एम्स मेडिकल बोर्ड ने सर्वसम्मति से निष्कर्ष निकाला कि मनीषा की मौत गर्दन पर किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने के कारण हुई थी। स्थानीय पुलिस की जांच में जहां मनीषा के शरीर पर जानवरों या कुत्तों के काटने के निशान होने का अंदेशा जताया था। वहीं, एम्स एक्सपर्ट की रिपोर्ट के अनुसार, चेहरे के कंकाल में बदलने की वजह जानवरों का काटना नहीं, बल्कि पहचान छिपाने के लिए किसी त्वचा को गलाने वाले तेजाबी तरल का इस्तेमाल हो सकता है।
----
विष की थ्योरी खारिज
स्थानीय पुलिस ने दावा किया था कि सीसीटीवी फुटेज में मनीषा एक खाद भंडार से जहर खरीदती दिखाई दे रही है, लेकिन सीबीआई का जांच अधिकारी अदालत में ऐसा कोई सीसीटीवी फुटेज पेश नहीं कर सका। मनीषा के शरीर में किसी तरह के जहर या कीटनाशक के लक्षण नहीं मिले। अदालत ने जांच में गंभीर खामियों को रेखांकित किया। सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि शुरुआती जांच से ही सबूत मिटाने और असली दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया।

----
यह था मामला
जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी मनीषा सिंघानी स्थित किड्स केयर प्ले स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी। 11 अगस्त 2025 को स्कूल की छुट्टी के बाद वह शाम तक घर नहीं पहुंची। गवाहों और सहकर्मियों के बयानों के अनुसार, वह आगे की पढ़ाई बीएससी नर्सिंग में दाखिले की जानकारी लेने के लिए पास ही स्थित एक नर्सिंग कॉलेज जाने वाली थी। 13 अगस्त 2025 को मनीषा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। हरियाणा पुलिस और बाद में सीबीआई ने मामले को आत्महत्या बताते हुए क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। जांच एजेंसियों का दावा था कि मनीषा ने एक खाद भंडार से कीटनाशक (मोनोक्रोटोफॉस) खरीदकर खुदकुशी की थी और उसके शव तथा चेहरे को आवारा कुत्तों ने क्षतिग्रस्त किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed