भिवानी। परीक्षाओं से जुड़ी समस्या दूर कर जल्द परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर सीबीएलयू प्रांगण में इनसो कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान अपनी मांगों संबंधी ज्ञापन कुलसचिव को सौंपा। इनसो कार्यकर्ताओं ने सीबीएलयू प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया है। उन्होंने कहा कि अगर शुक्रवार तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो वे शनिवार से सीबीएलयू को ताला लगा देंगे।
इनसो जिला अध्यक्ष सेठी धनाना के नेतृत्व में छात्रों ने एकत्रित होकर सीबीएलयू प्रांगण में प्रदर्शन किया। सेठी धनाना ने कहा कि सीबीएलयू प्रशासन रिजल्ट घोषित नहीं कर रहा। परीक्षाओं से संबंधित समस्याओं को दूर करवाने, पीजी कोर्स में दाखिले की तिथि बढ़ाने, हरियाणा पुलिस की महिला कांस्टेबल की परीक्षा के चलते 18 व 19 सितंबर को होने वाली सभी परीक्षा रद्द करने, 2021 में लगे लॉकडाउन के कारण बाधित हुई परीक्षाएं शीघ्र कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इनसो ने उक्त मांगों को लेकर विश्वविद्यालय में विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की और शुक्रवार तक समाधान का अल्टीमेटम दिया। यदि शुक्रवार तक समाधान नहीं हुआ तो शनिवार को विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार को ताला जड़ दिया जाएगा। इस मौके पर भगत सिंह छात्र बिग्रेड के अध्यक्ष सोनू बामला व इनसो छात्र नेता नितिन सैन ने कहा कि बहुत से विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनका रिजल्ट अब तक घोषित नहीं किया गया है। इसके साथ ही परीक्षाओं से जुड़ी भी बहुत सी समस्याएं हैं, जिसको लेकर विद्यार्थी बार-बार अधिकारियों से मिलते हैं, लेकिन समस्या का हल नही किया जाता है। वहीं ज्ञापन लेने पहुंचे रजिस्ट्रार जितेंद्र भारद्वाज ने छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर निखिल राणा, विकास श्योराण, लाशी एसएचओ, भूपी शर्मा, अजय गुर्जर, रोहित खरकिया, योगेश तिगड़ाना, आकाश तिगड़ाना, अनुज घुसकानी, तरुण तिगड़ाना, सचिन मेहरा, रजत पहलवान, चिंटू, दिनेश, अंकित, विकास कोंटिया, टोनी, टिटानी, संकेत झुल्ली मौजूद थे।