हरियाणा: बोर्ड चेयरमैन ने शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा नकल का मामला, अब सख्ती अधिक की तैयारी
नकल रोकने के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन ने उड़नदस्तों की बैठक ली। नकल रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में प्रश्नपत्र चंद मिनटों में ही आउट हो रहे हैं। बढ़ते बाह्य हस्तक्षेप और नकल का मामला शुक्रवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन ने शिक्षा मंत्री कंवरपाल के समक्ष रखा। उन्होंने धारा 144 का सख्ती से पालन नहीं होना और पुलिस प्रशासन की कम सख्ती की बात कही। अब शनिवार से सख्ती होने की उम्मीद है।
इसके अलावा बोर्ड चेयरमैन ने सभी उड़नदस्तों के संयोजकों व सदस्यों से भी ऑनलाइन बैठक कर नकल रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने नकल रोकने के लिए उनकी राय भी जानी। शनिवार को 12वीं कक्षा का फिजिक्स और इकनॉमिक्स का पेपर होगा। इन प्रश्नपत्रों में नकल ज्यादा चलने की आशंका के चलते कड़े प्रबंध किए जाएंगे।
नकल करने और कराने वालों को किसी सूरत में न छोड़ें
उड़नदस्तों के संयोजकों और सदस्यों से ऑनलाइन बैठक करते हुए बोर्ड चेयरमैन प्रो. जगबीर सिंह ने कहा कि नकल करने व करवाने वालों को किसी भी सूरत में न छोड़ें। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के दौरान केवल प्रमुख केंद्र अधीक्षक व ऑब्जर्वर को छोड़कर किसी भी परीक्षार्थी एवं केंद्र पर नियुक्त स्टाफ के पास मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए। अगर किसी के पास मिलता है तो उस पर कार्रवाई होगी।
पंजाबी की परीक्षा में धरे गए पांच नकलची
सीनियर सेकेंडरी की शुक्रवार को पंजाबी विषय की परीक्षा हुई, जिसके परीक्षार्थी बहुत कम थे। 383 परीक्षा केंद्रों पर 17658 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए। कुछ केंद्र तो ऐसे थे जहां एक-एक, दो-दो ही परीक्षार्थी था। परीक्षा के दौरान प्रदेशभर में पांच नकलची पकड़े गए, जिनके केस बनाए गए। बोर्ड उपाध्यक्ष वीपी यादव के उड़नदस्ते ने जिला सिरसा के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और तीन नकलची पकड़े। अन्य उड़नदस्तों ने दो केस दर्ज किए।
नकल करने और कराने वालों पर होगी सख्ती
नकल रोकने के लिए हम प्रयासरत हैं। आज शिक्षा मंत्री के समक्ष भी नकल का मामला रखा है। शनिवार की परीक्षा में और ज्यादा सख्ती बरती जाएगी। सभी उड़नदस्तों के संयोजकों और सदस्यों को भी नकल करने और कराने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने के निर्देश दिए हैं। -प्रो. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड।