भारतीय किसान यूनियन जिला भिवानी के बैनर तले लघु सचिवालय के सामने जिलास्तरीय किसान पंचायत का आयोजन किया गया। कपास व अन्य खरीफ की बर्बाद फसलों की स्पेशल गिरदावरी व बीमा क्लेम की मांग को लेकर आयोजित पंचायत की अध्यक्षता किसान नेता गोपीराम दिनोद ने की। पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामफल कंडेला, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रत्न मान, युवा प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद, प्रदेश सचिव श्याम सिंह, संरक्षक मेहताब करनाल, जिला अध्यक्ष अशोक अमीरवास विशेष रूप से मौजूद थे।
किसान पंचायत में मौजूद भाकियू कार्यकर्ताओं व किसानों ने स्पेशल गिरदावरी व बीमा क्लेम के नाम पर किसानों के साथ मजाक करने के विरोध में नारेबाजी की। किसान पंचायत का संचालन जिला महासचिव बिजेंद्र हरियावास ने किया। किसान पंचायत को अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया और तत्काल प्रभाव से स्पेशल गिरदावरी के आदेश व बीमा क्लेम की मांग की। युवा प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद ने कहा कि कपास व अन्य खरीफ की फसलें 75 से 100 फीसदी तक खराब हो चुकी है। भारतीय किसान यूनियन ने तीन सितंबर को सरकार व प्रशासन को 14 सितंबर तक का स्पेशल गिरदावरी व बीमा क्लेम का अल्टीमेटम दिया था। इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन ने प्रत्येक तहसील व उप तहसील स्तर पर विरोध विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम अधिकारियों को ज्ञापन दिए, लेकिन कृषि मंत्री ने स्पेशल गिरदावरी के नाम पर किसानों को बरगलाया। सर्वसम्मति से किसान पंचायत में कृषि मंत्री को स्पेशल गिरदावरी व बीमा क्लेम के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया। यदि इस पर कार्यवाही नहीं हुई तो 19 सितंबर को कृषि मंत्री के लोहारू कार्यालय व आवास घेरेंगे। पंचायत में बलवान ढाणी केहरा, दरियापुर अत्तर सिंह बेडवाल, हसान प्रताप सिंह, दिलबाग सिंह, रोहताश सुरपुरा, नरेश बानिया, राजेश गोपालवास, जयभगवान पहाडी, संदीप आलमपुर, जेपी हसान, कुलबीर, सोमबीर महला, अनिल साहलेवाला, जगदीश संडवा, सुरेश शर्मा, धर्मबीर, रामबीर थिलोड, बीरसिंह, धर्मबीर मौजूद थे।