Bhiwani: सरकारी स्कूल के गणित अध्यापक का घिनौना काम, क्लास रूम में 11वीं की नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत
गणित अध्यापक ने सवाल हल करने की हिदायतें देकर फिर से उसके साथ गलत हरकत करते हुए मनमानी करनी शुरू कर दी। छात्रा का आरोप है कि घंटी खत्म होने के बाद भी गणित अध्यापक ने वहां छात्राओं को बैठाए रखा और उसके साथ जबरदस्ती गलत हरकत करता रहा।
विस्तार
भिवानी सदर पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाले एक गांव के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ गणित अध्यापक द्वारा क्लास रूम में अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़त लडक़ी ने घर पहुंचकर टीचर की हरकतों के बारे में परिजनों को बताया, जिसके बाद पीडि़त लडक़ी के साथ परिजन पुलिस के पास पहुंचे वहीं मामले में पीडि़त लडक़ी की शिकायत पर सदर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी गणित अध्यापक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सरकारी कन्या स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ गलत हरकत का मामला आने के बाद छात्राएं भी सहमी हुई हैं।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
सदर पुलिस थाना में दी शिकायत में एक गांव निवासी साढ़े 17 साल की नाबालिग छात्रा ने बताया कि वह गांव के ही राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है। उसने आरोप लगाया कि गत 25 जुलाई को कक्षा कक्ष में गणित अध्यापक ने उसे आगे के बैंच से उठाकर पीछे बैंच पर जाकर बैठने के लिए बोला। इस पर वह अपनी सहेली के पास पिछले बैंच पर बैठ गई।
थोड़ी देर बाद गणित अध्यापक वहां उसके पास पहुंचा और उसके पास बैठी सहेली को उठाकर उसे बोर्ड पर गणित का सवाल हल करने के लिए भेज दिया। जिसके बाद सहेली की जगह गणित अध्यापक उसके पास आकर बैठ गया। गणित अध्यापक ने बातें करते हुए उसकी पीट और कमर पर हाथ डालकर उसे अपनी तरफ खींचा और फिर उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। आरोपी गणित अध्यापक की गलत हरकतों का छात्रा ने कई बार विरोध करते हुए वहां से उठने की कोशिश की, लेकिन गणित अध्यापक ने उसे जबरन वहां बैठाए रखा और उसकी सहेली को भी अगले बैंच पर बैठा दिया।
क्लास रूम में अन्य छात्राओं को भी गणित अध्यापक ने सवाल हल करने की हिदायतें देकर फिर से उसके साथ गलत हरकत करते हुए मनमानी करनी शुरू कर दी। छात्रा का आरोप है कि घंटी खत्म होने के बाद भी गणित अध्यापक ने वहां छात्राओं को बैठाए रखा और उसके साथ जबरदस्ती गलत हरकत करता रहा। गणित अध्यापक के जाने के बाद वह काफी परेशान हो गई और घर पहुंचकर उसने आपबीती बताई। छात्रा ने बताया कि उसका पिता खेतीबाड़ी का काम करता है।
इसलिए 26 जुलाई को उसका पिता सुबह खेत से घर लौटा तो उसने अपने पिता और दादा-दादी को गणित अध्यापक की करतूत बताई। जिसके बाद लडक़ी का पिता मामले की शिकायत लेकर लडक़ी के स्कूल भी पहुंचा और उसने इस संबंध में प्राचार्य के समक्ष शिकायत भी दर्ज कराई। जिसके बाद पीडि़त लडक़ी के साथ परिजन सदर पुलिस के पास पहुंचे। जहां पीडि़त लडक़ी ने आरोपी गणित अध्यापक के खिलाफ लिखित में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद सदर पुलिस ने इस संबंध में आरोपी गणित अध्यापक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया।
आरोपी गंभीर, अध्यापक द्वारा छात्रा से छेड़छाड़ प्रकरण की कराएंगे विभागीय जांच
जिला शिक्षा अधिकारी नरेश महता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया था। इस संबंध में स्कूल प्राचार्य ने प्रकरण बताया है। फिलहाल पुलिस की रिपोर्ट आने के बाद इस संबंध में विभागीय जांच भी कराई जाएगी और आरोपी गणित अध्यापक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई के लिए कदम उठाए जाएंगे। कन्या स्कूल में शिक्षक द्वारा इस तरह की गलत हरकत बहुत ही गंभीर मामला है। इस संबंध में शिक्षकों को और भी अधिक सख्त निर्देश जारी किए जाएंगे।
जांच अधिकारी के अनुसार
पीडि़त नाबालिग लडक़ी की शिकायत पर छेड़छाड़ के आरोपी गणित अध्यापक जयकिशन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अध्यापक को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश हुए हैं। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। -रमेशचंद्र एसएचओ सदर पुलिस थाना भिवानी।