भिवानी। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के साथ मिलकर 17 से 19 नवंबर को नई दिल्ली के पूसा संस्थान में शिक्षा के महाकुंभ ज्ञानोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें भिवानी की सीबीएलयू भी अपने अहम भागेदारी निभाएगी। यूनिवर्सिटी की उपलब्धियों से जुड़ी प्रदर्शनी भी वहां मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगी।
यह जानकारी सीबीएलयू के कुलपति प्रोफेसर राजकुमार मित्तल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा के महाकुंभ का उद्घाटन 17 नवंबर को नोबल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। इस दौरान देश में व्यापक शैक्षिक सुधारों के साथ-साथ नई शिक्षा नीति के क्रियांवन और शिक्षा से आत्मनिर्भर भारत जैसे मुद्दों पर देश के शिक्षाविद, नीति निर्माता, प्रशासक, शोधार्थी और विचारक गहन विमर्श करेंगे। उन्होंने कहा कि ज्ञानोत्सव के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसमें देश भर के प्रतिभागियों की आनलाइन प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। कार्यक्रम के दौरान विजेताओं को पुरस्कार प्रदान की जाएंगे। कार्यक्रम में देशभर के लगभग 100 से अधिक विश्वविद्यालयों व शिक्षा संस्थानों के कुलपति एवं निदेशक और देश भर के चार हजार से अधिक शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र, अभिभावक सहभागिता करेंगे। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को स्कूली शिक्षा पर चर्चा होगी। 18 नवंबर को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा पर मंथन होगा और 19 नवंबर को चिकित्सा, विधि व कृषि शिक्षा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियांवन पक्ष को लेकर चर्चा जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से ज्ञानोत्सव में डीन एफसीएम डा सुनीता भरतवाल की टीम स्टाल लगाएगी। डीन एफसीएम डॉ. सुनीता भारतवाल ने कहा कि शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास एवं विश्वविद्यालय ने शिक्षा में गुणवत्ता, वैदिक गणित, स्वावलंबन एवं आत्मनिर्भरता, उद्यमशीलता, चरित्र निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास पर संयुक्त रूप से न्यास के राष्ट्रीय सचिव अतुल कोठरी एवं कुलपति प्रो राजकुमार मित्तल की अगुवाई में बेहतर कार्य किया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क एवं मीडिया प्रभारी ऋषि शर्मा मौजूद रहे।