HBSE: सेकेंडरी-सीनियर सेकेंडरी के एडमिट कार्ड जारी, त्रुटि सुधार के लिए एक सप्ताह के अंदर करना होगा संपर्क
प्रदेशभर में दोनों कक्षाओं के 5,59,738 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। वार्षिक परीक्षा प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) बोर्ड वेबसाइट पर यूजर आईडी व पासवर्ड से लॉगिन कर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
विस्तार
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अधिकारिक वेबसाइट पर सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) नियमित, स्वयंपाठी फरवरी-मार्च की वार्षिक परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी किए हैं। इसमें सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक), कम्पार्टमेंट, अंक सुधार, अतिरिक्त विषय एवं स्वयंपाठी पूर्ण विषय की वार्षिक परीक्षा प्रवेश-पत्र (एडमिट कार्ड) बोर्ड वेबसाइट पर यूजर आईडी व पासवर्ड से लॉगिन कर परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त कम्पार्टमेंट, अंक सुधार, अतिरिक्त विषय एवं स्वयंपाठी पूर्ण विषय परीक्षार्थी भी अपना प्रवेश-पत्र बोर्ड वेबसाइट पर दिए गए लिंक से पिछले अनुक्रमांक, नाम, पिता का नाम, माता का नाम भरते हुए डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा में प्रदेशभर में 1475 परीक्षा केंद्रों पर करीब 559738 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें सेकेंडरी कक्षा के 296329 परीक्षार्थी व सीनियर सेकेंडरी के 263409 परीक्षार्थी शामिल हैं। सेकेंडरी (शैक्षिक) नियमित, स्वयंपाठी की वार्षिक परीक्षा 27 फरवरी से 25 मार्च तक व सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा 27 फरवरी से 28 मार्च तक संचालित करवाई जाएगी। परीक्षा का समय दोपहर साढ़े 12 से साढ़े तीन बजे तक रहेगा। परीक्षार्थी परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
एक सप्ताह के अंदर करवाएं त्रुटियां ठीक
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आउट ए-4 साइज पेपर पर ही निकालना सुनिश्चित करें। रंगीन प्रवेश-पत्र पर आवेदन पत्र भरते समय स्कैन किया फोटो चिपकाकर सत्यापित करवाना होगा। एडमिट कार्ड में कोई त्रुटि है तो विद्यार्थी एक सप्ताह के अंदर बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
यदि किसी परीक्षार्थी का अनुक्रमांक किसी कारणवश रोका गया है तो वे परीक्षा आरंभ होने से पूर्व बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत तौर पर आकर दस्तावेज उपलब्ध करवाते हुए अनुक्रमांक जारी करवा सकते हैं। शहीद सैनिकों के आश्रित, दिव्यांग परीक्षार्थी जो परीक्षा केंद्र बदलना चाहते हैं एवं खिलाड़ी परीक्षार्थी जो देश-विदेश खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के कारण परीक्षा बाद में देना चाहते हैं। उनकी सूचना बोर्ड कार्यालय में 23 फरवरी तक उपलब्ध करवानी होगी। परीक्षा केेंद्र में इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे मोबाइल, कैलकुलेटर आदि का प्रयोग वर्जित होगा।
302 उड़नदस्तों का गठन
बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि परीक्षाओं में नकल पर अंकुश लगाने के लिए 302 उड़नदस्तों का गठन किया गया है। आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए प्रत्येक प्रश्नपत्र पर एक विशेष क्यूआर कोड लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी, किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत प्रभाव से उनके विरुद्ध बोर्ड नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। संवेदनशील, अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर ऑब्जर्वरों की नियुक्ति की है।
मॉनिटरिंग के लिए बनाए सात कंट्रोल रूम
परीक्षाओं की मॉनिटरिंग के लिए प्रदेश में सात कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। भिवानी स्थित बोर्ड मुख्यालय कंट्रोल रूम का व्हाट्सएस नंबर 8816840349 एवं दूरभाष नंबर -01664- 254603, 254604, 254305 व 244175, अंबाला स्थित कंट्रोल रूम का 0171-2441317, फतेहाबाद स्थित कंट्रोल रूम का दूरभाष नं. 01667-226230, गुरुग्राम स्थित कंट्रोल रूम का दूरभाष नं. 0124-2339230, करनाल स्थित कंट्रोल रूम का दूरभाष नं. 0184-2251001, पलवल स्थित कंट्रोल रूम का दूरभाष नं. 01275-251874 व रोहतक स्थित कंट्रोल रूम का दूरभाष नं. 01262-271425 रहेगा। किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर बोर्ड वेबसाइट पर जारी हेल्पलाइन नंबर 01664-254309, सेकेंडरी शाखा की ई-मेल व सीनियर सेकेंडरी शाखा की ई-मेल पर तुरंत संपर्क करते हुए समाधान करवाना सुनिश्चित करें।