हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड 10 साल के बाद आठवीं कक्षा की परीक्षाएं मार्च/अप्रैल-2021 में लेगा। बोर्ड प्रशासन ने इसके लिए अपने मुख्यालय के सभागार में मंगलवार को बैठक कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह और सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2011 में बदलाव करके पूरे प्रदेश में आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि शिक्षा बोर्ड की ओर से आठवीं बोर्ड परीक्षा अंतिम बार वर्ष 2010 में संचालित करवाई गई थी। उस परीक्षा में 3,67,247 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसमें 3,44,698 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए थे। बोर्ड प्रशासन लंबे अंतराल के बाद एक फिर परीक्षा कराने की तैयारियों में जुटा हुआ है। इसी क्रम में बुलाई गई बैठक में परीक्षा से संबंधित नियम/विनियम तैयार करने को लेकंर गहनता से विचार-विमर्श किया गया।