भ्रूण लिंग जांच के नाम पर 55000 लिए, सामान्य अल्ट्रासाउंड करा बता दिया लड़की है, गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भ्रूण लिंग जांच के लिए 50 हजार रुपये खाते में डलवाए, पांच हजार नकद लिए। इसके बाद निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर से सामान्य अल्ट्रासाउंड करा बता दिया लड़की है। इस खेल का खुलासा भिवानी, सोनीपत, रोहतक स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने किया और आरोपी चरखी दादरी क्षेत्र के एक एलटी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है और पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है।
सोनीपत के सिविल सर्जन डॉ. वीके राजौर को गुप्त सूचना मिली थी कि दादरी क्षेत्र का एक युवक भ्रूण लिंग जांच कराता है। जिसके बाद प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. आदर्श शर्मा के नेतृत्व में टीम बनाई। सीएमओ सोनीपत ने इसके लिए रोहतक सिविल सर्जन से भी संपर्क साधा। रोहतक स्वास्थ्य विभाग टीम ने डिकॉय तैयार कर दलाल दादरी क्षेत्र के गांव बिगोवा निवासी संदीप से संपर्क साधा।
इसके बाद भ्रूण लिंग जांच के लिए 55 हजार रुपये में सहमति बनी। दलाल संदीप ने एक अकाउंट नंबर दिया। 15 जनवरी को संदीप के अकाउंट में 50 हजार रुपये डलवाए गए। दलाल संदीप ने डिकॉय को 17 जनवरी को रोहतक बुलाया। रोहतक में काफी इंतजार करने के बाद दलाल संदीप ने कहा कि आज डॉक्टर नहीं आए। जब उस पर दबाव बनाया तो उसने 50 हजार रुपये लौटा दिए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फरवरी में फिर संदीप से संपर्क साधा तो उसने 50 हजार रुपये फिर खाते में डलवाने के लिए कहा। चार फरवरी को उसके खाते में 50 हजार रुपये डलवाए गए। जिसके बाद उसने डिकॉय गर्भवती महिला को भ्रूण लिंग जांच के लिए भिवानी बुलाया।
सुबह से ही अलर्ट रही तीन जिलों की स्वास्थ्य विभाग टीम
डिकॉय के साथ ही स्वास्थ्य विभाग रोहतक, सोनीपत की संयुक्त टीम भी सुबह करीब नौ बजे ही भिवानी पहुंच गई थी। सूचना के बाद भिवानी सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादियान ने डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया। दलाल संदीप ने डिकॉय गर्भवती महिला को महम गेट पर बुलाया।
यहां के बाद गर्भवती महिला की एक निजी अस्पताल में रेफर स्लिप बनवाई और सुबह करीब 11 बजे महम रोड स्थित एक प्राइवेट लैब पर गर्भवती महिला का सामान्य अल्ट्रासाउंड करवाया। दलाल संदीप ने डिकॉय को दोपहर दो बजे भ्रूण लिंग जांच की रिपोर्ट देने के लिए कहा। इसके बाद वह विद्यानगर में अपने रिश्तेदार के घर चला गया।
दो बजे वापस आने के बाद दलाल संदीप ने डिकॉय को बताया कि अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में लड़की आई है। इसी दौरान पहले से ही उस पर नजर लगाए बैठी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे पकड़ लिया। बताया जाता है कि संदीप चरखी दादरी जिले के गांव बिगोवा का रहने वाला है और स्वयं को लैब टेक्निशियन बताया।
ये रहे टीम में शामिल: स्वास्थ्य विभाग की तीन जिलों की संयुक्त टीम में सोनीपत जिले से डॉ. आदर्श शर्मा, डॉ. शुभम गहलावत, रोहतक से डा. विकास, डॉ. विशाल, डॉ. विजय, नीरज, जोगेंद्र सैनी, भिवानी से डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुनील कुमार, जिला औषधि नियंत्रक डॉ. हेमंत ग्रोवर, प्रदीप शामिल रहे।
लड़का हो या लड़की, सिर्फ लड़की बता करवा रहे गर्भपात: दलालों ने अब स्वास्थ्य विभाग से बचने का नया खेल शुरू किया है। इसमें गर्भवती महिला के परिवार से रुपये ऐंठे जाते हैं और बिना भ्रूण लिंग जांच करवाए ही अपनी ओर से बता दिया जाता है कि लड़की है। ऐसे में गर्भ में चाहे लड़का हो या लड़की, उसका गर्भपात करवा दिया जाता है। इसमें भ्रूण लिंग जांच और गर्भपात दोनों के नाम पर रुपये ऐंठे जाते हैं। ऐसा बुधवार को सामने आए मामले के अलावा भिवानी टीम द्वारा रेवाड़ी में कुछ वर्ष पूर्व पकड़े गए मामले में भी सामने आया था।
गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। गुप्त सूचना के बाद ही रोहतक, सोनीपत की संयुक्त टीम के साथ भिवानी की टीम तैयार कर अलर्ट किया गया था। जिले में भ्रूण लिंग जांच किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी जांच अभियान चलते रहेंगे। - डॉ. जितेंद्र कादियान, सिविल सर्जन