भिवानी। सांसद कार्तिक शर्मा ने शनिवार को भिवानी में आधा दर्जन से अधिक जन सभाएं कर 11 दिसम्बर को करनाल में आयोजित होने वाले भगवान परशुराम महाकुंभ के लिए न्योता दिया। सांसद ने कहा कि महाकुंभ में बड़ी संख्या में पहुंचकर समाज के लोग अपनी बात को रखेंगे और मुख्यमंत्री से अपनी मांगे पूरी करवाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर होगा जो इस तरह से भगवान परशुराम महाकुंभ का आयोजन होगा। इसलिए छत्तीस बिरादरी को साथ लेकर सभी लोग करनाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनकी जीत में भिवानी का भी हाथ है। इसलिए भिवानी के लोग भी उन्हें अपना सांसद माने। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री वासुदेव शर्मा, पूर्व विधायक डॉ. शिवशंकर भारद्वाज व युवा आयोग के चेयरमैन मुकेश गौड़ ने भी अपने विचार साझा किए। सांसद ने सांगा, धारेडु, दादरी, लोहानी व पुर में जनसभाओं को संबोधित किया। कार्तिक शर्मा ने कहा कि चार माह पहले राजनीति में आया और सेवा भाव के साथ आया हूं। उन्होंने कहा कि मेरे भीतर भी विनोद शर्मा की तरह सेवा के भाव कूट कूट के भरे हुए हैं। मंच से आश्वासन देना चाहता हूं कि उन्हीं की तरह समाज की सेवा करूंगा।
इस अवसर पर डॉ. शिवशंकर भारद्वाज ने कहा कि विनोद शर्मा ने समाज के लिए जो कार्य किया है उसको कभी भुलाया नहीं जा सकता। पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा ने कहा कि समाज को एकजुट होकर ही आगे बढ़ाया जा सकता है। युवा आयोग के चेयरमैन मुकेश गौड़ ने कहा कि सांसद युवा चेहरा हैं। इस अवसर पर देवकांत शर्मा, जयभगवान शर्मा, सिल्कराम शर्मा, सुशील गोलागढ़, राहुल मुंढाल, अमरचंद शर्मा, विजय शर्मा, सुंदर अत्रि उपस्थित थे।