भिवानी। गारनपुरा गांव में किसान हजारी की मदद को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी बजरंग पुनिया ने अपना एक माह का वेतन देने की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि गारनपुरा गांव वासी किसान हजारी के खेत में 16 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े 10 बजे आग लग गई थी। आग से करीब नौ एकड़ में गेहूं की फसल जल गई थी। इसके अलावा एक ट्रैक्टर भी जल गया था। आग बुझाने के दौरान किसान हजारी के खेत का पड़ोसी युवक मंजीत भी आग में झुलस गया था। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी अर्जुन अवार्डी बजरंग पुनिया ने ट्वीट कर अपने एक महीने का वेतन 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
मैं भी किसान परिवार से ही हूं और वो भी किसान है। मैं उनका दर्द समझ सकता हूं। मैं न तो कोई ट्रस्ट चलाता हूं और न राजनीति से हूं। बस खेल से जो कमाया है, उसी से मदद कर रहा हूं। पहले मेरे परिवार की हालत भी ऐसी ही रहती थी। सरकार को भी इस ओर देखना चाहिए। - बजरंग पुनिया, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी