{"_id":"5bba5a83867a5568242a742f","slug":"51538939523-bhiwani-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लावारिस पशु मामला : सचिव व जिम्मेवार लोगों पर केस दर्ज करने की मांग, चौकी में दी शिकायत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लावारिस पशु मामला : सचिव व जिम्मेवार लोगों पर केस दर्ज करने की मांग, चौकी में दी शिकायत
Updated Mon, 08 Oct 2018 12:42 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। सेक्टर 13 में लावारिस पशु की टक्कर से घायल हुए सेवानिवृत्त शिक्षक सत्यप्रकाश का मामला अब थाने पहुंच गया है। उनके लड़के व सेक्टर 13 एसोसिएशन सदस्यों ने सेक्टर 13 चौकी में शिकायत देकर नगर परिषद सचिव और अन्य जिम्मेवार प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर पुलिस ने रपट दर्ज करते हुए जिम्मेवार अधिकारी की तस्दीक करने की बात कही है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे सेक्टर 13 में मकान नंबर 1971 वासी सेवानिवृत्त शिक्षक सत्यप्रकाश अपने घर के बाहर खड़े लावारिस पशुओं को हटाने लगे तो एक पशु ने उन्हें टक्कर मारी। वे बेसुध होकर वहीं गिर गए। बाद में सेक्टर 13 चौकी पुलिस ने परिजनों को सूचित किया और उन्हें उपचार के लिए इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया। अभी भी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
इसी मामले में शनिवार को उनका लड़का प्रवीण, दी भिवानी अर्बन इस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य सुभाष सिवाच ने सेक्टर 13 चौकी में शिकायत देकर इसके लिए जिम्मेवार प्रशासनिक अधिकारियों और नगर परिषद के सचिव पर केस दर्ज करने की मांग की। शिकायत पर पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है और रपट दर्ज करते हुए अब सोमवार को जांच की जाएगी कि इसके लिए जिम्मेवार अधिकारी कौन-कौन है। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
शिकायत में घायल सत्यप्रकाश के लड़के प्रवीण कुमार ने बताया कि उसके पिता आज जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहे हैं। हर रोज ऐसी घटनाएं हो रही है। नगर परिषद को लावारिस पशुओं और बंदरों की समस्या के समाधान के लिए अनेक बार शिकायतें दी मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही और ना ही समस्या का समाधान किया जा रहा। ऐसे में जिम्मेवार प्रशासनिक अधिकारियों और नप सचिव के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।
हर रोज घायल हो रहे तीन से चार लोग
सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में हर रोज तीन से चार लोग पहुंच रहे हैं जो लावारिस पशुओं के कारण घायल हुए होते हैं। इनमें या तो अचानक बाइक या गाड़ी के आगे आने से हादसे होते हैं या फिर सांडों की लड़ाई में घायल हुए होते हैं।
लावारिस पशु की टक्कर से सेवानिवृत्त शिक्षक सत्यवान के घायल होने की शिकायत उनके लड़के प्रवीण ने दी है। शिकायत पर रपट लिख ली है और अब सोमवार को तस्दीक की जाएगी कि इसके लिए जिम्मेवार अधिकारी कौन है। उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-एसआई शमशेर, इंचार्ज सेक्टर 13 चौकी