एचटेट के लिए 18 अक्टूबर तक किए जाएंगे ऑनलाइन आवेदन, जरूर बरतें ये सावधानियां
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) का आयोजन 16 व 17 नवंबर को होगा। इससे संबंधति सभी जानकारी बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। ये जानकारी बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने दी। उन्होंने कहाकि इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन बोर्ड की वेबसाइट पर सोमवार शाम 4 बजे से 18 अक्तूबर रात 12 बजे तक किया जा सकता है।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व परीक्षार्थी सूचना बुलेटिन में दर्शाए गए महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से समझकर अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। ऑनलाइन आवेदन व परीक्षा शुल्क के सफलतापूर्वक जमा करने के बाद परीक्षार्थी पुष्टिकरण की दो प्रति (केंद्र व परीक्षार्थी प्रति) का प्रिंट लेना सुनिश्चित कर लें। उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी को आवेदन करते समय नवीनतम फोटो की बैकग्राउंड सफेद व 60 प्रतिशत तथा हस्ताक्षर का साइज 10 केबी से 20 केबी अनिवार्य होगा।
डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि परीक्षार्थी अपने विवरण अर्थात नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, पहचान-प्रमाण व संख्या और विषय के चयन (लेवल 2 व 3) में सुधार 19 से 23 अक्तूबर तक ऑनलाइन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 18 अक्तूबर उपरांत ऑनलाइन आवेदन तथा 23 अक्तूबर उपरांत ऑनलाइन विवरण सुधार की अनुमति नहीं होगी व इस संदर्भ में कोई भी प्रार्थना स्वीकार नहीं की जाएगी। लेवल, जाति वर्ग व शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण विकल्प में कोई सुधार की अनुमति नहीं होगी।
फैक्स, ई-मेल, पत्र इत्यादि अन्य माध्यम से प्राप्त प्रार्थना-पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि यदि कोई अभ्यर्थी एक लेवल के लिए एक से अधिक आवेदन करता है, तो उसका आवेदन/अभ्यर्थिता रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी अपडेट के लिए वेबसाइट का नियमित तौर पर अवलोकन करते रहें ताकि वे किसी भी महत्वपूर्ण व सूचना से वंचित न रह जाएं।