हरियाणा: 10वीं की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा शुरू होते ही वायरल हुआ पेपर, 254 नकलची पकड़े, दो केंद्रों पर रद्द
हरियाणा में 10वीं की परीक्षा में दो केंद्रों की परीक्षा रद्द की गई है। तीन पर्यवेक्षक और एक सेवादार ड्यूटी से हटाए गए हैं। परीक्षा के लिए 1457 केंद्रों पर 3,64,629 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए।
विस्तार
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा के पहले दिन सामाजिक विज्ञान के पेपर में खूब नकल चली। पुलिस और बोर्ड के उड़नदस्ते की सक्रियता के बावजूद परीक्षा शुरू होने के महज 10 मिनट के अंदर ही प्रश्न पत्र आउट होने के बाद सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
गुरुवार को 10वीं की परीक्षा में प्रदेशभर में नकल के 254 प्रकरण दर्ज किए गए। अत्यधिक बाहरी हस्तक्षेप और नकल के कारण रावमावि, सांगवान, तोशाम, जिला भिवानी और वशिष्ठ विद्या निकेतन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, होडल-22 केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके अलाव तीन पर्यवेक्षक और एक सेवादार को ड्यूटी में लापरवाही के कारण हटा दिया गया है।
प्रदेशभर में गुरुवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) परीक्षा के लिए 1457 केंद्रों पर 3,64,629 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए। बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह के उड़नदस्ते ने भिवानी व चरखी दादरी जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और नकल के पांच केस बनाए।
परीक्षा केंद्र रावमावि, छपार, रावमावि बिरही कलां व राउवि बरसाना के परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप पाया गया। प्रो. जगबीर सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र रावमावि बिरही कलां में विद्यालय के बाहर एक ग्रुप जो प्रश्नपत्र हल कर रहा था। गेट पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल व मोबाइल छोड़कर भाग गया। मोबाइल में प्रश्नपत्र व उत्तरकुंजी पाई गई।
जांच करने पर पाया गया कि मोबाइल वाले का नाम प्रदीप सांगवान है, जिसका मोबाइल नंबर 9812402653 है। इसके पास कहीं से प्रश्नपत्र आया था, जिसका मोबाइल नंबर 9452898954 है, इसके बाद प्रदीप ने कार्तिक मैथ नामक व्यक्ति के मोबाइल नंबर 8607128983 पर भेजा है, जहां से पेपर हल होकर आया है। बोर्ड अध्यक्ष ने केंद्र अधीक्षक को मोबाइल फोन आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपने के आदेश दिए।
परीक्षा केंद्रों के बाहर बाहरी हस्तक्षेप रोकना जरूरी
यह कहना तो मुश्किल है कि प्रश्नपत्र कहां से आउट हुआ है। हमने बिरही कलां में एक परीक्षा केंद्र के बाहर एक युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो वह बाइक और मोबाइल छोड़कर भाग गया। मोबाइल की जांच की तो पाया कि उसके पास व्हाट्सएप पर प्रश्नपत्र आया हुआ था। उसने आगे भेजा हुआ था और जिसको भेजा वहां से हल की हुई कॉपी आई, जिसकी पुलिस में शिकायत दी गई है। नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर बाहरी हस्तक्षेप रोकना जरूरी है। यह तभी संभव है जब धारा 144 का अच्छे से पालन करें। हम सभी जिलों के जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से सहयोग की उम्मीद करते हैं, ताकि बेहतर तरीके से नकल रहित परीक्षाओं का संचालन किया जा सके। - प्रो. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड।
तीन फर्जी परीक्षार्थी पकड़े
भिवानी के बवानीखेड़ा कस्बे के पूर रोड स्थित एलबीएस इंटरनेशनल स्कूल में मैट्रिक की परीक्षा के दौरान तीन फर्जी परीक्षार्थी पकड़े हैं। पकड़े गए तीनों फर्जी परीक्षार्थी नीरज, विक्की, राहुल क्रमश: अशोक, असलम, अखिलेश के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। तीनों को केंद्र अधीक्षक ने पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने केंद्र अधीक्षक जयकिशन की शिकायत पर तीनों फर्जी परीक्षार्थियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।