अपने घर बुला पड़ोसी युवक की गला घोंटकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना पंजोखरा के जटवाड़ इलाके में एक युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। युवक को मारने वाले पड़ौसी उसका शव कमरे में ही छोड़कर फरार हो गए हैं। इस मामले पुलिस ने फिलहाल पड़ौस के कमरे में रहने वाले एक युवक व एक महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी युवक व महिला दो बच्चों को लेकर फरार हो चुके हैं। आरोपी मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के गांव बहरावली के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इस तरह मिला युवक का शव पुलिस के अनुसार जटवाड़ में एक मकान के एक कमरे में पिछले करीबन डेढ़ माह से युवक रूप सिंह एक महिला व दो बच्चों के साथ रह रहा था। पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है कि दोनों पति-पत्नी थे या नहीं। क्योंकि इस बात की जानकारी आसपास के लोगों को भी नहीं है। इसी मकान के दूसरे कमरे को विगत दिवस बंटी नाम के युवक ने किराए पर लिया था। लेकिन अगले ही दिन मंगलवार को युवक बंटी का शव अपने पड़ौसी रूप सिंह के कमरे में मृत हालत में पाया गया। मकान मालिक ने सुबह जब ये शव देखा तो इसकी सूचना उसने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसे सिटी सिविल अस्पताल ले आए। कमरे में मृत पड़े युवक बंटी के गले में वो रस्सी मौजूद थी, जिससे उसका गला दबाकर हत्या की गई थी। जबकि जिस कमरे में बंटी का शव पाया गया, उस कमरे में रहने वाला युवक रूपसिंह व महिला अपने दोनों बच्चों के साथ फरार हो चुकी थी। पुलिस ने अपनी क्राइम विशेषज्ञों की टीम को मौके पर भेजकर वहां सुराग जुटाए और आरोपियों के फिंगर प्रिंट भी लिए।
हत्या की तफ्तीश ने पुलिस को उलझाया दरअसल, इस मामले में छानबीन कर रही पंजोखरा और पटवी पुलिस को हत्या की इस घटना ने पूरी तरह से उलझा दिया है। क्योंकि अभी हत्या के कारणों को लेकर जो कहानी सामने आ रही है, उसने पुलिस की तफ्तीश को न केवल उलझा दिया है, बल्कि कुछ ऐसे सुराग भी छोड़े हैं, जिससे पुलिस इस बात की ओर जांच कर रही है कि कई ये मामला प्रेम प्रसंग का तो नहीं? पुलिस की तफ्तीश ये बात भी सामने आई है कि मरने वाला युवक अपने पड़ौस के कमरे में रहने वाले महिला को अपनी पत्नी बता रहा था। दूसरा, युवक को मारने वाला आरोपी युवक भी मृतक के ही शहर व गांव का ही रहने वाला है। पुलिस अब इस पहलु पर भी जांच कर रही है कि आखिरकार मरने वाले युवक ने आरोपी युवक के साथ यहां कमरे में पिछले डेढ़ माह से रह रही महिला को अपनी पत्नी क्यों बताया? कहीं ऐसा तो नहीं कि आरोपी युवक मृतक युवक की पत्नी को लेकर फरार हो गया हो और यहां अंबाला के जटवाड़ इलाके में किराए के मकान में रह रहा हो? इसी तलाश में मृतक युवक भी यहां पहुंच गया और उसने भी जटवाड़ में ही आरोपी युवक के पड़ौस में कमरा किराए पर ले लिया। पुलिस की जांच इस दिशा में भी है कि महिला को अपनी पत्नी बताने का दावा करने पर ही मृतक युवक व आरोपी युवक में तकरार हुई हो और आरोपी ने महिला के साथ मिलकर मृतक की हत्या की हो और बाद वे दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गए हों। इस कहानी से पर्दा उठाने के लिए पंजोखरा व पटवी पुलिस को अब मध्यप्रदेश के मुरैना में रहने वाले मृतक युवक के परिजनों के आने का इंतजार है। पुलिस ने उनको घटना की सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है परिजनों के आने के बाद ये स्पष्ट हो जाएगा कि मृतक व आरोपी युवक में क्या रिश्ता है और बच्चों संग आरोपी युवक के साथ फरार हुई महिला वास्तव में किसकी पत्नी है?
मृतक बंटी का शव पड़ौस में रहने वाले रूप सिंह के कमरे में मिला था। उसके गले में रस्सी थी। जबकि आरोपी युवक व महिला बच्चों के साथ फरार है। मरने वाले व मारनों वालों में क्या संबंध है? और मरने के पीछे कारण क्या है? पुलिस इसकी तफ्तीश कर रही है। जबकि आरोपियों को काबू करने के लिए टीमें रवाना हो चुकी है। -दीपक, एसएचओ, पंजोखरा थाना