फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Ambala News ›   XEN showed laxity regarding a complaint about an electricity connection; Minister Vij ordered his transfer.

Ambala News: बिजली कनेक्शन की शिकायत पर एक्सईएन ने बरती ढिलाई, मंत्री विज ने तबादले के दिए आदेश

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 16 Oct 2026 01:38 AM IST
विज्ञापन
XEN showed laxity regarding a complaint about an electricity connection; Minister Vij ordered his transfer.
साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायत रखते शिकायतकर्ता। संवाद
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन

अंबाला। लोगों की शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और अधूरे विकास कार्य छोड़ने वाले ठेकेदारों पर ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने सख्त रुख अपनाया। वीरवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित जनता दरबार में जग्गी सिटी सेंटर के बिजली कनेक्शन से जुड़ी शिकायत पर 20 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर मंत्री ने बिजली निगम के एक्सईएन हरीश गोयल के तबादले के आदेश दे दिए।
इसके अलावा मामले में इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर को भी फोन पर फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी मामले में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, आठवीं तक मान्यता प्राप्त स्कूल में दसवीं कक्षा में दाखिले देने की शिकायत पर एसडीएम को जांच के निर्देश दिए। जनता दरबार में साइबर ठगी, संदिग्ध मौत, अधूरे विकास कार्यों और बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं, जिन पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन

------------
20 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर भड़के मंत्री
अंबाला छावनी निवासी गौरव ने शिकायत में आरोप लगाया कि शहर में बिजली निगम के एक्सईएन हरीश गोयल ने जग्गी सिटी सेंटर में एलटी कनेक्शन दिया था। इस कनेक्शन से ट्रैक्टर-ट्रालियों और वहां लगे झूलों को भी बिजली दी जा रही थी। उन्होंने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे नियमों के विपरीत बताया। मंत्री अनिल विज ने बिजली निगम के अधिकारियों से मामले में अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा, लेकिन अधिकारी स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इस पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि 20 दिन में भी कार्रवाई नहीं हो सकी। क्या फाइल पैदल चल रही है? इसके बाद उन्होंने एक्सईएन के तबादले के आदेश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

--------------
आठवीं तक मान्यता, 10वीं में ले रहे दाखिले
सुंदर नगर निवासी एक महिला ने गांव बाड़ा स्थित ब्राइड पब्लिक स्कूल के खिलाफ शिकायत दी। महिला का आरोप था कि स्कूल को आठवीं कक्षा तक ही मान्यता प्राप्त है, इसके बावजूद वहां दसवीं कक्षा में विद्यार्थियों को दाखिला दिया जा रहा है और फीस वसूली जा रही है। मंत्री विज ने एसडीएम को शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों के साथ स्कूल की जांच करने के निर्देश दिए और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए।
---------------
डॉक्टर का नंबर इंटरनेट पर खोजा, खाते से निकाले रुपये
जनता दरबार में साइबर ठगी के दो मामले भी पहुंचे। अंबाला शहर से आए एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके साथ नौ लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई है। मंत्री ने अंबाला के पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच कर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। दूसरे मामले में छावनी के मिलाप नगर निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेने के लिए इंटरनेट पर नंबर खोजा था। इसके बाद एक व्यक्ति से फोन पर बातचीत हुई। आरोप है कि उस व्यक्ति ने मोबाइल पर एक लिंक खोलने को कहा, जिसके बाद उसके बैंक खाते से 3.40 लाख रुपये से अधिक की राशि निकल गई। मंत्री ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
---------------
पति की मौत को बताया हत्या, दोबारा जांच के निर्देश
बोह निवासी महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति का शव कुछ समय पहले बोह के मैदान में झाड़ियों में मिला था, मगर पुलिस ने इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप था कि उनके पति की हत्या की गई है, लेकिन पुलिस सामान्य मौत बता रही है। मंत्री अनिल विज ने मामले में पुलिस को पुन: जांच के निर्देश दिए।
-----------
अधूरे विकास कार्यों पर ठेकेदारों को लेकर अधिकारियों से जवाब-तलब
वार्ड-27 से आए एक फरियादी ने शिकायत की कि ठेकेदार विकास कार्य अधूरा छोड़कर चला गया है और अब कोई जवाब भी नहीं दे रहा। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। इस पर मंत्री ने सवाल किया कि ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट क्यों नहीं किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि ठेकेदार काम पूरा नहीं करता है तो दोबारा टेंडर जारी किया जाए। मंत्री ने नगर परिषद के एक्सईएन को भी फटकार लगाते हुए कहा कि ठेका देने से पहले ठेकेदार की वित्तीय स्थिति की जांच की जानी चाहिए। उन्होंने सभी विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति पर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। वहीं, अंबाला छावनी में निर्माणाधीन पार्किंग में लिफ्ट लगाने के काम में देरी पर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को काम जल्द पूरा कराने और अगली जनसुनवाई तक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि छावनी के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों के लिए एक-एक करोड़ रुपये की राशि सरकार से स्वीकृत कराई गई है। इसके अलावा महेश नगर ड्रेन को पक्का करने के लिए 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है और जल्द काम शुरू होने की बात कही।

-----------
यह मामले भी आए
जनता दरबार में साहा के औद्योगिक क्षेत्र में पावर हाउस के लिए जमीन पर टावर लगाने से जुड़ी शिकायत भी पहुंची। मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर वैकल्पिक स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली का लोड बढ़ाने, रामपुर, सरसेहड़ी, चंद्रपुरी और सुंदर नगर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति, ट्यूबवेल कनेक्शन और ट्रांसफार्मर सही जगह लगाने से संबंधित शिकायतों पर भी अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा। हरिनगर में मकान पर कब्जे, मकान का टैक्स भरने, आर्य नगर में कथित अवैध निर्माण और पटेल नगर में चोरी के मामले में भी संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से निपटारा करने और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं करने की हिदायत दी।

साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायत रखते शिकायतकर्ता। संवाद

साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायत रखते शिकायतकर्ता। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed