अंबाला सिटी। देवीनगर के पास रजवाहे में 1134 बोतल अवैध शराब मिली है। रविवार सुबह की इस घटना में इसमें अंग्रेजी व देसी दोनों प्रकार की शराब की बोतलें, अद्दे व पव्वे शामिल हैं। हैरानी इस बात की है कि इनमें से अधिकतर पर लेबल तक नहीं लगा। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी सुरेश सैनी, एक नंबर चौकी इंचार्ज कर्मसिंह व कई अन्य टीमें मौके पर पहुंची। शराब को अपने कब्जे में लेकर अज्ञात पर एक्साइज एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई। केस को सुलझाने व कार्रवाई को पूरा करने के लिए आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार राहगीर से सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो रजवाहे में शराब बिखरी पड़ी थी। उनमें से कुछ पर ट्रिपल सेवन तथा चीप ब्रांड के लेबल लगे थे जोकि किसी ने भी नहीं सुने थे। इनमें 800 बोतल व बाकी अद्दे पव्वे थे। मौके पर चल रही चर्चाओं के अनुसार यह शराब खराब हो चुकी थी, इसलिए इसे फेंका गया। किसने और क्यों ऐसा किया, इस पर संशय बरकरार है। सुरेश सैनी के अनुसार आवागमन के रास्तों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध शराब किस वाहन में लोड करके लाई गई। ध्यान दें कि पिछले कुछ दिनों से अंबाला अवैध शराब की तस्करी का गढ़ बना हुआ है। पहले एलोवीरा की आड़ में शराब तस्करी पकड़ी गई तो कभी पंजोखरा में पुलिस प्रशासन की नजर से बचाकर बनाए गए गोदामों से लाखों की अवैध शराब मिली। केस को सुलझाने के लिए बनाई गई एसआईटी अब तक शराब कारोबारी प्रदीप मित्तल के अलावा 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।