फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Ambala News ›   Risk of cancer increases with advancing age, 36 to 60 year olds are becoming more victims

Ambala News: ढलती उम्र संग कैंसर का खतरा अधिक, 36 से 60 वर्ष वाले हो रहे अधिक शिकार

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 15 Sep 2023 02:36 AM IST
विज्ञापन
Risk of cancer increases with advancing age, 36 to 60 year olds are becoming more victims
वैभव शर्मा
विज्ञापन


अंबाला। हरियाणा और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में लोग जांच के लिए अंबाला के अटल कैंसर केयर सेंटर पहुंच रहे हैं। इसमें सबसे अधिक संख्या 36 से 60 वर्ष के बीच के लोगों की है। ऐसे में हम कह सकते हैं कि ढलती उम्र के साथ ही कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है। कम से कम अटल कैंसर केयर सेंटर की ओर से तैयार डाटा तो यही बयां कर रहे हैं।
अंबाला स्थित अटल कैंसर केयर सेंटर में मई 2022 से लेकर अगस्त 2023 तक हर महीने आने वाले मरीजों का रिकॉर्ड तैयार किया गया है, जिससे पता चला कि सेंटर में हर महीने जो मरीज आ रहे हैं, उसमें 36 से 60 वर्ष की उम्र वाले लोगों की ओपीडी अधिक है। इसके साथ ही पुरुषों से अधिक महिलाओं की संख्या है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अटल कैंसर केयर सेंटर की शुरुआत मई 2022 में हुई थी, तब सेंटर में 530 मरीजों ने कैंसर की संभावना को लेकर ओपीडी में जांच कराई थी जो अब अगस्त 2023 तक बढ़कर 1168 पहुंच गई है। इसी प्रकार सबसे कम ओपीडी में आने वाले मरीजों में 15 से 35 वर्ष की उम्र वाले मरीज शामिल हैं। यह ट्रेंड पिछले कई महीनों से एक जैसा बना हुआ है।
विज्ञापन


----------------

आयु के आधार पर अटल कैंसर केयर सेंटर में ओपीडी

मई 2022 में अटल कैंसर केयर सेंटर की शुरुआत हुई थी, तब 15 से 35 वर्ष उम्र के 83 मरीज ओपीडी में आए थे। 36 से 60 वर्ष के 530 और 60 वर्ष से अधिक उम्र के 475 मरीजों ने जांच कराई थी। इसी प्रकार दिसंबर 2022 तक 15 से 35 वर्ष उम्र के मरीजों की ओपीडी 138, 36 से 60 वर्ष के मरीजों की ओपीडी 805 तो 60 वर्ष से अधिक उम्र वालों की ओपीडी 547 पर थी। इसके बाद जनवरी 2023 में 15 से 35 वर्ष उम्र के मरीजों की ओपीडी 126, 36 से 60 वर्ष के मरीजों की ओपीडी 725 तो 60 वर्ष से अधिक उम्र वालों की ओपीडी 555 पर आ गई। इसके बाद अगस्त 2023 तक 15 से 35 वर्ष उम्र के मरीजों की ओपीडी 127, 36 से 60 वर्ष के मरीजों की ओपीडी 1168 तो 60 वर्ष से अधिक उम्र वालों की ओपीडी 887 पर पहुंच गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


----------------

पुरुषों की तुलना में अधिक भर्ती हुईं महिलाएं

अटल कैंसर केयर सेंटर में मई 2022 में सात पुरुष भर्ती हुए थे, जबकि महिलाएं 46 भर्ती हुईं। इसी प्रकार सितंबर 2022 तक यह आंकड़ा बढ़ता हुआ दिखाई दिया। इसमें 79 पुरुष तो 155 महिलाओं को उपचार के लिए दाखिल किया गया। यह आंकड़ा समय के हिसाब से कभी बढ़ता तो कभी घटता रहा, मगर हर बार पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक रही। अगस्त 2023 में 28 पुरुष और 71 महिलाओं को भर्ती करना पड़ा।

-----------

कीमो सेशन बढ़ाया गया

अटल केयर सेंटर में कीमो सेशन में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। मई 2022 में 53 मरीजों का कीमो थेरेपी से उपचार किया गया, जबकि कीमो सेशन 58 रहे, जो अगस्त 2023 में काफी बढ़ चुका है। अब 133 कीमो ट्रीटमेंट मरीज और 342 को कीमो सेशन दिए जा रहे हैं।

------------

पहले की अपेक्षा लोगों में बढ़ी जागरूकता

अटल कैंसर केयर सेंटर के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. यशपाल बताते हैं कि कैंसर को एक उम्र के समूह में न बांधें बल्कि यह कहा जा सकता है कि ढलती उम्र के साथ शरीर में कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। अटल कैंसर केयर सेंटर के बनने के बाद से लोगों में जागरूकता आई है, जिसके कारण वह कैंसर की स्क्रीनिंग कराने आ रहे हैं। इसमें महिलाओं की संख्या पिछले कुछ समय में इसलिए बढ़ी है क्योंकि पहले इस रोग के प्रति अधिक जागरूकता नहीं थी लेकिन अब वह जागरूक हो रही हैं। गांठ होने पर तत्काल दिखाने आती हैं।

-------------


कैंसर के लक्षण और आवश्यक सावधानी कैंसर विशेषज्ञ डॉ. यशपाल बताते हैं कि वजन में कमी, बुखार, भूख की कमी, हडि्डयों में दर्द, खांसी या मुंह से खून आना कैंसर के लक्षण माने जाते हैं। खानपान और बदलती जीवन शैली के कारण भी कैंसर का खतरा बढ़ा है। ऐसे में हमें अपनी जीवनशैली काे संतुलित रखना होगा। बाहर के खाने से परहेज करना हाेगा। खास तौर पर उन खाद्य पदार्थों से दूर रहें, जिसमें विभिन्न प्रकार के केमिकल होते हैं। अगर शरीर में कोई भी परिवर्तन दिखाई देता है तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।




वर्जन----------

अंबाला में अटल केयर कैंसर सेंटर के बनने के बाद से हमें कैंसर मरीजों के बारे में अधिक जानकारी मिल पा रही है, जिससे उनका उपचार भी आसान हो रहा है। समय पर डायग्नोज हो जाए तो कैंसर को काबू किया जा सकता है। अब हमारे पास कई राज्यों से मरीज आ रहे हैं।---डॉ कुलदीप, निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed