शांतनु हत्याकांड: पुलिस ने पांच और आरोपियों को किया गिरफ्तार, हिरासत में लिया एक नाबालिग
शांतनु हत्याकांड मामले में अंबाला एसटीएफ ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। एसटीएफ सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
विस्तार
कुरुक्षेत्र के शाहबाद में हुए शराब कारोबारी शांतनु हत्याकांड मामले में अंबाला एसटीएफ ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शाहबाद निवासी अभिषेक ठुकराल उर्फ अब्बू शामिल है, जो हत्याकांड के लिए धन उपलब्ध कराने का मुख्य आरोपी है। इसके अलावा, यमुनानगर के लंडोरा गांव निवासी प्रभजोत सिंह उर्फ जोत, मुलाना के पोंटी गांव निवासी इकशान सिंह, बराड़ा के अधोया गांव निवासी मोहित कुमार और मुलाना के खान अहमदपुर गांव निवासी दीपेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। यमुनानगर के मिल्क माजरा गांव निवासी एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। जांच में पता चला कि कुछ आरोपियों ने हत्याकांड के लिए बाइक और हथियार उपलब्ध कराए थे।
पूछताछ में आए पांच आरोपियों के नाम
एसटीएफ सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। अभिषेक ठुकराल उर्फ अब्बू को तीन दिन पहले गिरफ्तार किया गया था, जिससे पूछताछ में अन्य पांच आरोपियों के नाम सामने आए। सोमवार को इन पांचों को गिरफ्तार किया गया। अब तक इस मामले में कुल 10 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पहले की गिरफ्तारियां
इससे पहले, एसटीएफ ने मुख्य शूटर करनाल के इंद्री क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी सुजल, बराड़ा के अकालगढ़ निवासी बलजिंद्र सिंह उर्फ मंगू और शाहबाद के मोहल्ला खतरवाडा निवासी शुभम खुराना को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ अंबाला के डीएसपी अमन कुमार ने बताया कि जांच में यमुनानगर जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर जंधेडी निवासी राजन की संलिप्तता सामने आई, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें: शाहाबाद शराब कारोबारी हत्याकांड: मुख्य आरोपी रोमिल गुरुग्राम में STF मुठभेड़ में ढेर, दो लाख का ईनामी था बदमाश