साहा। सम्भालखा में 52 वर्षीय मदन पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन मौत का कारण फंदे से लटक कर आत्महत्या बता रहे हैं, जबकि मृतक की बहन ने पत्नी, बच्चों सहित अन्य पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव का छावनी नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। जोकि फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर मुनीष व डॉ. सुमित के पैनल ने किया। मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पाएगा। पुलिस ने फिलहाल मृतक की पत्नी सुरेश देवी, बेटा विशाल व विकास सहित छह पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। एसपी अंबाला जश्नदीप रंधावा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इलाका पुलिस का कहना है कि वह सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे तो शव जमीन पर पड़ा था, जिसे परिजनों ने पहले ही उतार लिया था। अस्पताल लाने पर मदन पाल को मृत घोषित कर दिया गया था।
पुलिस को दी शिकायत में पंचकूला के गांव बतोड़ निवासी कमलेश ने बताया कि वह सात भाई-बहन हैं। भाई मदन पाल अपने परिवार सहित गांव सम्भालखा में रहता है। करीब 15 साल से गंभीर रूप से बीमार चल रहा था। वह फैक्टरी में नौकरी करता था। उन्हें सूचना मिली कि उसका देहांत हो चुका है। कमलेश ने बताया कि भाई मदन पाल को उसके बेटे, पत्नी आदि मानसिक रूप से परेशान करते थे। पहले भी कई बार मदन पाल को गला दबाकर जान से मारने की कोशिश कर चुके हैं। उनके खिलाफ मदन पाल ने पहले भी जान से मारने की कोशिश करने व धमकी देने के बारे में शिकायत दी थी। कई बार फोन करके मारपीट करने के बारे में बतलाया था। जमीन जायदाद को अपने नाम करवाने के लिये परिवार के सदस्य भाई से मारपीट करते थे।