माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। शहर को डेंगू और मलेरिया से बचाने के लिए घर-घर चालान और नोटिस थमाने वाला स्वास्थ्य विभाग खुद के आंगन में जमा गंदे पानी को ही साफ नहीं कर रहा है। पड़ताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और उपायुक्त (डीसी) कार्यालय परिसर की जो तस्वीर सामने आई है, वह विभाग के दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। सीएमओ कार्यालय परिसर में तीन से चार स्थानों पर बारिश का पानी कई दिनों से रुका हुआ है। निकासी न होने के कारण यह रुका हुआ पानी अब काला पड़ने लगा है और इसमें मच्छरों का लारवा साफ तौर पर पनपता देखा जा सकता है।
हैरानी की बात यह है कि इसी दफ्तर से रोजाना स्वास्थ्य कर्मचारियों की टीमें शहर में लारवा जांचने के लिए रवाना होती हैं, लेकिन अधिकारियों की नाक के नीचे पनप रहे इस खतरे पर किसी की नजर नहीं पड़ रही। सीएमओ रेनू बेरी ने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं था। पानी साफ करा दिया जाएगा। जिले में मलेरिया के आठ और डेंगू के तीन मामले आ चुके हैं।

अंबाला सिटी स्थित सीएमओ कार्यालय के पीछे भरा पानी। संवाद