पुलिस की वर्दी में आए 12 बदमाशों ने मंदिर में डाली डकैती, 6 लाख के जेवरात व नकदी लूटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खाकी वर्दी में हथियारों से लैस करीब 12 बदमाशों ने महामाया बाला सुंदरी मंदिर में रह रहे तीन परिवारों को बंधक बनाकर छह लाख की डकैती डाली है। इसमें सवा लाख नकद और पांच लाख के सोने-चांदी के जेवर हैं। बदमाश नशीले पदार्थों की तस्करी की बात कहकर मंदिर परिसर में घुसे और तलाशी के बहाने नकदी व जेवर खंगाल ले गए। मंगलवार रात करीब सवा एक बजे हुई वारदात की सूचना मिलते ही महेशनगर थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड, सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में मंदिर की साध्वी उषा की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में साध्वी उषा ने बताया कि रौल्यों रोड हरमन सिटी छोटा खुड्डा में उन्होंने महामाया बाला सुंदरी का मंदिर बनाया है। इसकी देखरेख वह खुद करती हैं। इसी मंदिर में उनके भाई-भाभी और दीदी-जीजा का परिवार रहता है। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे मंदिर के कपाट बंद करके वह सो गई थी।
रात करीब एक बजे शोर सुनाई देने पर खिड़की से बाहर देखा तो दो युवक पुलिस की वर्दी में बगल वाले कमरे में बैठे थे। उन्हें देखते ही रजनी ने शोर मचाया तो दोनों बदमाशों ने कहा कि पुलिस की रेड पड़ी है शोर मत मचाओ। इसके बाद दोनों ताला तोड़कर कमरे में आ गए और कहने लगे की मंदिर में नशीले पदार्थों की तस्करी की शिकायत मिली है, इसकी तलाशी लेनी है।
साध्वी ने बताया कि जैसे ही दो बदमाश अंदर घुसे उनके पीछे 4-5 अन्य खाकी वर्दी वाले आ गए। थोड़ी देर में करीब पांच अन्य बदमाश भी आ गए, जो सादे कपड़ों में थे। सभी उनके भाई-भाभी के कमरे का ताला तोड़कर घुस गए और सभी को बंधक बना लिया। फिर अलमारियों के ताले तोड़कर नकदी व जेवरात समेट लिए। इसी बीच साध्वी की बहन और जीजा, जो कि गेट के नजदीक कमरे में सोये थे, शोर सुनकर जाग गए। जीजा ने जानकारों को फोन पर सूचना दी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले बदमाश भाग गए।
यह सामान ले गए बदमाश
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने तीनों परिवारों के कमरों से अलमारी का ताला तोड़कर 35 हजार की नकदी। सेवकों द्वारा दिया करीब 25 हजार के माता के सोने के झुमके, चेन, नथ, कोका, करीब 25 चांदी के सिक्के, चांदी का कछुआ, चांदी की मूर्ति और दूसरे कमरे से सोने के दो सेट, पांच पायल की जोड़ी, एक बड़ी पाजेब, चांदी का मंगलसूत्र, सोने के पांच-छह कोके, टॉप्स की जोड़ी, मां की चांदी की तागड़ी, चांदी के बाजू बंद, मां के चांदी के कड़े और करीब 85 हजार नकदी ले गए।
मारकंडेश्वर मंदिर में भी इसी तरह डाली थी डकैती
तंदवाल-हरियोली मारकंडेश्वर मंदिर में 23 अक्तूबर की रात को 10-12 नाकाबपोश ने इसी तरह मंदिर के महंत सहित छह लोगों को बंधकर बनाकर डकैती की थी। सभी डकैत पुलिस वर्दी में आए थे। बदमाशों ने मंदिर परिसर में अफीम, भुक्की होने की सूचना मिलने की बात कहकर पहले सर्च अभियान चलाया फिर लूटपाट की थी।