नारायणगढ़। राष्ट्रीय किसान महासंघ के आह्वान पर देशभर के किसानों को कर्जामुक्त करने व स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने के लिए चलाए जा रहे आंदोलन के तहत किसान जागृति यात्रा शनिवार को नारायणगढ़ के विभिन्न गांवों में पहुंची। इस यात्रा की अगुवाई किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने की। गांव महुआखेडी, भूखडी, काठेमाजरा आदि गांव में किसानों को संबोधित करते हुए चढूनी ने कहा कि देशव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है, जिसमे 16 जून को 176 जगह हाईवे जाम किये गए। 3 जुलाई को नीति आयोग का घेराव करके 2500 किसानों ने गिरफ्तारी दी। जंतर-मंतर पर धरना व क्रमिक अनशन चल रहा है। उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में क्रांति दिवस 9 अगस्त से जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा, जिसके तहत 9 अगस्त को अंबाला, पंचकूला यमुनानगर, करनाल, कुरूक्षेत्र, कैथल के किसान पिपली पहुंच कर जेल भरो आंदोलन को सफल बनाएंगे। किसान नेता चढूनी ने बताया कि जेल भरो आंदोलन किसान जागृति यात्रा के समापन पर 3 अगस्त को करनाल में अर्धनग्न प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस अवसर पर सुरेश कॉन्थ, बाबू राम गुंदयाना, रूप सिंह बतुआ, रमेश राणा सहला, सुरेश पाल जोली, साहिब सिंह काकरकुंडा, सुखविंद्र, संजीव भूखडी, सोहन लाल, संजू गुंदयाना, बाबू राम, नानक सिंह, बीरा आदि मौजूद थे।