फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Ambala News ›   कष्ट निवारण समिति की बैठक : भाजपा विधायक ने लगाए अंबाला पुलिस हाय-हाय के नारे

कष्ट निवारण समिति की बैठक : भाजपा विधायक ने लगाए अंबाला पुलिस हाय-हाय के नारे

Tue, 25 Jun 2019 01:51 AM IST
रोहतक ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अंबाला (हरियाणा)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अंबाला (हरियाणा) Published by: रोहतक ब्यूरो Updated Tue, 25 Jun 2019 01:51 AM IST
विज्ञापन
कष्ट निवारण समिति की बैठक : भाजपा विधायक ने लगाए अंबाला पुलिस हाय-हाय के नारे

अंबाला सिटी। शहर में करीब नौ माह बाद हुई कष्ट निवारण समिति की बैठक में सोमवार को जबरदस्त हंगामा हुआ। बैठक के दौरान एक युवक ने पुलिस पर पीटने और अवैध हथियार का फर्जी मामला दर्ज करने की धमकी देने आरोप लगाते हुए शिकायत दी। इस पर परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार की उपस्थिति में विधायक असीम गोयल व अन्य भाजपा नेताओं ने एसपी मोहित हांडा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ हाय-हाय के नारे लगाने शुरू कर दिए। यह देख अन्य कार्यकर्ता भी एसपी मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। यही नहीं विधायक ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई न होने पर एसपी कार्यालय में मंगलवार से कार्यकर्ताओं सहित धरना देने की चेतावनी तक दे दी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अंबाला को यहां की पुलिस बिहार बनाना चाहती है, लेकिन वह बनने नहीं देंगे। इसके बाद मंत्री पंवार ने उन्हें शांत कराया और आरोपी तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने व जांच के लिए एसआईटी गठित करने का आदेश दिया।

विज्ञापन


यह है मामला
हरिपुर (रायपुररानी) गांव के अमित कुमार ने परिवहन मंत्री को शिकायत दी कि 22 जून को जब वह मोटरसाइकिल पर अपने गांव की ओर जा रहा था तो पंजोखरा थाना पुलिस ने उन्हें रोका। उसके पास कागजात नहीं थे तो पुलिस ने चालान कर दिया। पुलिस कर्मचारी कुछ वाहन चालकों को जाने दे रहे थे और कुछ को रोक रहे थे। जब वह अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगा तो गुस्साए पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें थाने में ले जाकर मारपीट की। यही नहीं उन्होंने एक हेडकांस्टेबल से कहा कि इसके हाथों में देसी कट्टा देकर अवैध हथियार का मामला दर्ज करो। इस शिकायत पर विधायक असीम गोयल, जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने विरोध जताया। गोयल ने कहा कि अंबाला पुलिस दूसरे राज्यों की तरह यहां के युवकों को अपराध की ओर धकेल रही है, लेकिन वह ऐसा नहीं होने देंगे। हम अंबाला से ऐसे निरंकुश एसपी को ही बदलवा देंगे। जिसे इतना भी पता नहीं कि पीड़ित युवक सामने खड़ा होकर अपने शरीर पर पड़ी चोटों के निशान दिखा रहा है, लेकिन वह फिर भी अपने भ्रष्टाचारी मुलाजिमों का साथ दे रहा है। ऐसे एसपी का अंबाला में क्या काम। इसके बाद उन्होंने अंबाला पुलिस हाय-हाय के नारे लगाए। इस पूरे मामले का वीडियो वायरल हो गया। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारी कुछ भी नहीं बोल रहे।
विज्ञापन


अंबाला पुलिस पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप और मीटिंग से जाने लगे
विधायक ने अंबाला पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरे राज्यों से आई गाड़ियों व अन्य वाहनों के नंबर देखकर अंबाला पुलिस उन पर टूट पड़ती है। वह बिना लिए-दिए उन्हें जाने नहीं देते। इस कार्य को अंजाम देने के लिए पुलिस होमगार्ड के जवानों को इस्तेमाल कर रही है। एसपी मोहित हांडा पर भड़ककर विधायक असीम गोयल अपने साथियों सहित मीटिंग से जाने लगे। लेकिन, मंत्री पंवार ने उनकी बाजू पकड़कर अपने पास बिठा लिया। मामले को सुनते हुए मंत्री ने एसपी को उक्त मामले में संलिप्त तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


एसपी को गुप्त रूप से नाकों पर चेकिंग का दिए निर्देश
मंत्री पंवार ने एसपी को निर्देश दिए कि वह गुप्त रूप से भी जांच करें कि पुलिस द्वारा जिला में जहां भी नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की जाती है, वहां पर जनता को अनावश्यक तौर पर परेशान तो नहीं किया जा रहा और उनसे कोई धनराशि तो नहीं वसूल की जा रही। अगर ऐसा पाया जाए तो संबंधित पुलिस कर्मचारियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके साथ ही उन्होंने नगर निगम आयुक्त व पुलिस अधीक्षक को यह निर्देश दिये कि वे अंबाला छावनी व शहर में संयुक्त रूप से सर्वे कर यह पता लगाएं कि बाहर से आकर कितने लोग यहां अवैध रूप से रह रहे हैं और रेहड़ी व फड़ी लगाकर अतिक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने इसकी रिपोर्ट भी अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

अंबाला को बिहार बनाना चाहती है पुलिस
विधायक असीम गोयल ने बताया कि पुलिस पीड़ित युवक के पास से अवैध कट्टा बरामद कर उसके खिलाफ हथियार का केस बनाकर जेल भेजना चाहती थी। वह युवाओं को पुलिस के टॉर्चर का शिकार नहीं होने देंगे। पुलिस चाहती है कि अंबाला को बिहार बना दिया जाए, लेकिन वह ऐसा अपने होते हुए नहीं होने देंगे। पुलिस के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले उनके पास आ रहे थे, जिसको लेकर पुलिस अधिकारी कोई एक्शन नहीं ले रहे।

सात पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप
शिकायतकर्ता अमित कुमार ने बताया कि पंजोखरा साहिब के सात पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। दो पुलिसकर्मी गुरमेल सिंह और रमेश कुमार और एक होमगार्ड सुखवीर सिंह इसमें शामिल थे। इसके अलावा चार और पुलिसकर्मियों ने उनका सहयोग किया। इस संबंध में एसपी मोहित हांडा को तीन बार फोन किया तो उन्होंने रिसीव नहीं किया, जबकि डीएसपी हेडक्वार्टर सुल्तान सिंह से बात की तो उन्होंने बाहर होने का हवाला देकर मामले से अनभिज्ञता जताई।

इस मामले को लेकर परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार ने तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इस मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा। प्रदेश में अफसरशाही को हावी नहीं होने दिया जाएगा।
- असीम गोयल, विधायक, अंबाला शहर
---
मामले में संलिप्त तीन पुलिसवालों को सस्पेंड करने व एसआईटी गठित करने के आदेश दिए हैं। जांच में यदि अन्य पुलिस मुलाजिम भी सामने आए तो उन्हें भी सस्पेंड कर दिया जाएगा।

- कृष्णलाल पंवार, परिवहन मंत्री, हरियाणा
---
अमित कुमार के आरोप बेबुनियाद हैं। चेकिंग के दौरान इंश्योरेंस न होने पर उसका चालान किया गया। इस दौरान उसने अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया। चालान कटने के बाद रंजिशन आरोप गए हैं। झूठा मेडिकल कराकर पेश किया गया। जांच कमेटी मामले की जांच कर रही है। दोबारा मेडिकल कराया जाएगा, जिससे सच्चाई सामने आ सकेगी। रही बात शिकायत में मेरे नाम की तो थाना प्रभारी होने के चलते आना ही था। - गुरमेल सिंह, थाना प्रभारी, पंजोखरा साहिब

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed