मानवता हुई शर्मसार: पूरी रात अधेड़ के शव को रौंदते रहे वाहन, हाथ-पैर और सिर हो गया था गायब
एसओ झंगहा गौरव कन्नौजिया ने बताया कि हादसा रात में दो बजे बाद होने की आशंका है। दो बजे तक बारिश नहीं हो रही थी और पुलिस गश्त पर थी। उस समय तक कोई भी इस तरह की घटना नहीं थी। शुक्रवार सुबह सूचना मिली और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विस्तार
गोरखपुर में मोतीराम अड्डा पावरहाउस के सामने फोरलेन पर एक शर्मनाक घटना सामने आई है। बृहस्पतिवार की रात एक अधेड़ व्यक्ति के शव को रातभर वाहन रौंदते रहे। शव के चिथड़े हो गए। वाहनों के रौंदने से शरीर के अंग इधर-उधर छितरा गए, लेकिन संवेदनहीनता की हद यह रही कि पुलिस को सूचना देना तो छोड़िए, किसी ने रुककर देखा तक नहीं कि माजरा क्या है।
शुक्रवार की सुबह जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आशंका है कि व्यक्ति की मौत हादसे में हुई होगी, लेकिन मौके पर साइकिल या कोई अन्य वाहन नहीं मिला है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पावरहाउस के पास एक शख्स का क्षत-विक्षत शव पड़ा है। पुलिस मौके पर गई शव का हाथ-पैर, और सिर गायब था।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में पहली बारिश: आम बचा न कोई खास, शहर के सभी इलाके लबालब
शव के ऊपर से इतने वाहन गुजरे थे कि वह क्षत-विक्षत हो गया था। शव के पास से पुलिस को 10 जोड़े पुराने कपड़े मिले। इस आधार पुलिस ने व्यक्ति को मानसिक रोगी बताकर पहचान से पल्ला झाड़ने का प्रयास कर रही है। मामला अफसरों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एसपी नार्थ मनोज बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा लग रहा है। पुलिस शव की पहचान की कोशिश कर रही है।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में आ गया मानसून, अभी चार दिन होगी झमाझम बारिश
एसओ झंगहा गौरव कन्नौजिया ने बताया कि हादसा रात में दो बजे बाद होने की आशंका है। दो बजे तक बारिश नहीं हो रही थी और पुलिस गश्त पर थी। उस समय तक कोई भी इस तरह की घटना नहीं थी। शुक्रवार सुबह सूचना मिली और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।