सदन में हंगामा: दिवंगत पार्षद रोजा खातून का शोक प्रस्ताव एजेंडे में नहीं, पार्षद बोले- आखिर गलती क्यों हुई?
दिग्विजय नगर के पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने खड़े होकर कहा कि हनुमंत नगर (हुमायुंपुर उत्तरी) से 2001 से 2012 तक दो कार्यकाल में समाजवादी पार्टी के बैनर तले पार्षद रहीं रोजा खातून का तीन मई को इंतकाल हो गया था। इसके बाद सदन की पहली बैठक है। इनका जनता से जुड़ाव रहा है। शोक प्रस्ताव का एजेंडा सदन की बैठक में शामिल नहीं था, जो दुखद है।
विस्तार
नगर निगम सदन की 18वीं बैठक मंगलवार को हंगामे के साथ शुरू हुई। हुमायूंपुर उत्तरी की दिवंगत पार्षद रोजा खातून का शोक प्रस्ताव एजेंडे में नहीं शामिल होने पर पार्षदों ने हंगामा किया। सीट से उठकर मंच के पास भी पहुंच गए। इसके बाद पार्षदों के परिचय के बाद मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव की ओर से शोक सभा कर बैठक स्थगित कर दी गई।
नगर निगम सदन हाल में सदन की बैठक हंगामे से ही शुरू हुई। पूर्वांह्न 11:40 बजे जैसे ही मेयर व नगर आयुक्त बैठक में पहुंचे, इसके बाद ही बेतियाहाता के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने यह कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया कि हम सब काफी देर से बैठे हैं। मेयर व नगर आयुक्त संभव कार्यक्रम करने के बाद आ रहे हैं। हमें भी बता दिया गया होता तो हम भी देर से आते, यह ठीक नहीं है। इसके बाद भी हंगामा शांत नहीं हुआ।
रघुपति सहाय फिराक नगर के पार्षद रविंद्र ने हंगामा किया कि हमें पुराने नगर आयुक्त की विदाई की सूचना नहीं दी गई। हंगामा शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। इसी बीच दिग्विजय नगर के पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने खड़े होकर कहा कि हनुमंत नगर (हुमायुंपुर उत्तरी) से 2001 से 2012 तक दो कार्यकाल में समाजवादी पार्टी के बैनर तले पार्षद रहीं रोजा खातून का तीन मई को इंतकाल हो गया था।
इसके बाद सदन की पहली बैठक है। इनका जनता से जुड़ाव रहा है। शोक प्रस्ताव का एजेंडा सदन की बैठक में शामिल नहीं था, जो दुखद है। इस पर पार्षदों ने तालियों से स्वागत किया। बैठक का संचालन कर रहे अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने सदन की कार्रवाई लेट होने, नगर आयुक्त के विदाई की सूचना पार्षदों को न देने व दिवंगत पार्षद के शोक प्रस्ताव को एजेंडे में शामिल न होने पर माफी मांगी।
उन्होंने कहा कि आगे से इसकी पुनरावृत्ति नहीं होगी। इतना बोलते ही पार्षदों का कहना था कि यह गलती नहीं होनी चाहिए थी। आखिर गलती क्यों हुई। मामला शांत होने के बाद परिचय शुरू हुआ। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने मंच से कहना चाहा कि शोक सभा करने के एक घंटे के बाद सदन की बैठक हो सकती है।
मेयर की पूरी बात सुने बिना ही पार्षदों ने हंगामा कर दिया। मेयर ने शांत कराकर दो मिनट का मौन रखवाया। इसके बाद सदन की बैठक को स्थगित कर दी। इस अवसर पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, नवागत अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन सहित विभिन्न पार्षद व प्रतिनिधि मौजूद रहे।