यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: होल्डिंग एरिया में न बत्ती न पंखा, कारपेट पर सोए UP पुलिस भर्ती के परीक्षार्थी
रेल प्रशासन का कहना है कि सुबह से बिजली, पानी और कुर्सी के इंतजाम की तैयारी की गई थी, रात में विद्यार्थी ज्यादा आ गए। रात 12 बजे के बाद बिजली और पानी का इंतजाम शुरू किया गया।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए गोरखपुर से लखनऊ, वाराणसी और आजमगढ़ के लिए सात परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं हैं।
विस्तार
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों की भारी भीड़ रविवार की रात रेलवे स्टेशन पर जुट गई। स्टेशन परिसर में बनाए गए अस्थायी होल्डिंग एरिया में देर रात तक न तो बिजली का इंतजाम था और न ही बिस्तर व पानी की व्यवस्था। उमसभरी गर्मी में परीक्षार्थी परेशान रहे और बिछाए गए कालीन पर ही सो गए।
हालांकि, रेल प्रशासन का कहना है कि सुबह से बिजली, पानी और कुर्सी के इंतजाम की तैयारी की गई थी, रात में विद्यार्थी ज्यादा आ गए। रात 12 बजे के बाद बिजली और पानी का इंतजाम शुरू किया गया।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए गोरखपुर से लखनऊ, वाराणसी और आजमगढ़ के लिए सात परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं हैं।
वहीं, रेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिन में मंथन किया। 30 रेलकर्मियों, 45 आरपीएफ और 50 जीआरपी सिपाही की ड्यूटी लगाई गई है। फुट ओवरब्रिज और भीड़ वाली जगहों पर आरपीएफ, जीआरपी और रेलवेकर्मी तैनात रहेंगे।
स्टेशन डायरेक्टर रमनदीप गुप्ता ने बताया कि सोमवार सुबह से होल्डिंग एरिया में कुर्सियां भी लगाई जाएंगी।
दो वार रूम से हुई निगरानी
भीड़ नियंत्रण को लेकर किए गए इंतजाम की निगरानी के लिए स्टेशन और मुख्यालय में दो वार रूम बनाए गए हैं। दोनों ही जगहों पर ऑनलाइन निगरानी के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। रविवार पूरी रात वार रूम से ही अधिकारियों ने जिम्मेदारों को निर्देश दिए।
स्टेशन परिसर में रेल प्रशासन को बैठने, सोने का इंतजाम करना चाहिए। पंखा न होने से गर्मी बहुत लग रही है, मच्छर भी परेशान कर रहे हैं। पूरी रात जागकर ही गुजारनी पड़ेगी: आयुष यादव, महराजगंज
वाराणसी से ट्रेन से आया हूं, स्टेशन पर होल्डिंग एरिया तो बना है लेकिन कोई व्यवस्था नहीं की गई है। बहुत गर्मी है, कम से पंखा और पीने के लिए पानी का इंतजाम होना चाहिए: सत्यम, वाराणसी
-05005 गोरखपुर-लखनऊ जं. अनारक्षित परीक्षा स्पेशल गोरखपुर से दोपहर 1:30 बजे से
-05006 लखनऊ जं.-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल लखनऊ जं. से दोपहर 1:30 बजे से
-05031 गोरखपुर-लखनऊ जं. अनारक्षित परीक्षा स्पेशल गोरखपुर से शाम 7:00 बजे से
-05149 वाराणसी सिटी-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल वाराणसी सिटी से शाम 9:30 बजे से
-05139 आजमगढ़-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल आजमगढ़ से दोपहर 2:30 बजे से
-05140 गोरखपुर-आजमगढ़ अनारक्षित परीक्षा स्पेशल गोरखपुर से रात 8:00 बजे से