गोरखपुर के इस दो लेन की सड़क को जाम से मिलेगा निजात, यहां दो अरब रुपये से होगा फोरलेन का निर्माण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर जिला जेल से नकहा रेल क्रासिंग तक 8.56 किमी लंबे जिला जेल बाईपास को फोरलेन बनाने के लिए शासन ने 199.02 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार के वित्त विभाग ने 11 अगस्त की व्यय वित्त समिति की बैठक में इस पर अपनी अंतिम मुहर लगा दी है।
मालूम हो कि वर्ष 2002 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने नगर विधायक के प्रयासों पर पहली बार दो लेन की स्वीकृति दी थी और तब नौ राजस्व गांव के करीब 1000 लोगों को 1989 से बकाया मुआवजा भी बांटा गया था।
नगर विधायक ने कहा कि वर्तमान में अब दो लेन की इस सड़क पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है और महराजगंज तथा मेडिकल कॉलेज से एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) तथा देवरिया और कुशीनगर जाने के लिए भीषण जाम के कारण असुरन होकर जाना पड़ता है। जिला जेल बाईपास के चौड़ीकरण तथा उच्चीकरण के बाद असुरन की भीड़ आधी हो जाएगी।
नगर विधायक ने बताया कि 199.02 करोड़ में से 105.843 करोड़ रुपये से बाईपास को बीच में डिवाइडर सहित चार लेन की सड़क में बदला जायेगा। 43.04 करोड़ रुपये से विद्युत पोल तथा तार आदि के शिफ्टिंग और 2.98 करोड़ का खर्च पेड़ों के कटान के लिए वन विभाग को दिए जाएंगे।
डॉ. आरएमडी ने कहा कि इसके अलावा बरगदवां स्थित नकहा रेलवे क्रासिंग पर 49 करोड़ की लागत से ओवरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया भी अंतिम दौर में पहुंच गई है। उन्होंने ने बताया कि नौसड़-पैडलेगंज सड़क के छह लेन बनाने तथा ट्रांसपोर्टनगर चौराहे से देवरिया तिराहे के आगे उनके दाऊदपुर स्थित निवास तथा देवरिया बाईपास की ओर फ्लाईओवर के निर्माण की पत्रावली लोक निर्माण विभाग में पहुंच गई है।
शहर की सड़कों की मरम्मत को धन जारी
गोरखपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गोरखपुर में विभागीय निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गोरखपुर-देवरिया उपमार्ग के सुधार/मजबूतीकरण कार्य के लिए तीन करोड़ रुपये की धनराशि निर्गत की गई है। इसके अलावा कालेसर-जगदीशपुर मार्ग में चल रहे मरम्मत के काम के लिए साढ़े चार करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।