यूपी चुनाव 2022: पुरुषों को बूथों तक पहुंचाना ज्यादा बड़ी चुनौती, पिछले चुनावों में आगे रहीं महिलाएं
पिछले चुनावों में 50 फीसदी से कम वोटिंग वाले बूथों पर विशेष जागरूकता अभियान चलेगा। क्योंकि 2017 के विधानसभा व 2019 के लोकसभा चुनाव में मतदान में महिलाएं, पुरुषों से काफी आगे रहीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिला प्रशासन के सामने विधानसभा चुनाव 2022 में महिलाओं की तुलना में पुरुष वोटरों को बूथों तक लाना ज्यादा बड़ी चुनौती होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में जिन बूथों पर 50 फीसदी से कम मतदान हुआ है, वहां के वोटिंग पैटर्न का अध्ययन करने पर पता चला कि वहां वोट डालने के मामले में महिलाएं, पुरुषों से काफी आगे हैं। इन चिह्नित इलाकों में पुरुषों का वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए, वहां जागरुकता अभियान चलाने का आयोग ने निर्देश दिया है।
पिछले चुनावों के आंकड़ों पर गौर करें तो विधानसभा चुनाव 2017 या फिर लोकसभा चुनाव 2019, दोनों ही चुनावों में पुरुषों की तुलना में महिला वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल ज्यादा किया है। जिले के नौ में से सात विधानसभा क्षेत्रों में दोनों के बीच वोटिंग प्रतिशत का अंतर सात से 16 फीसदी तक है।
विधानसभा चुनाव 2017 में कैंपियरगंज में पुरुषों की तुलना में करीब 13 फीसदी ज्यादा महिलाओं ने वोट डाले। इसी तरह पिपराइच में यह अंतर 14 फीसदी, सहजनवां में करीब 13 फीसदी, खजनी, चौरीचौरा और चिल्लूपार में सबसे ज्यादा करीब 16 फीसदी दर्ज किया गया। बांसगांव में करीब सात फीसदी अंतर रहा। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में पुरुष और महिलाओं के वोटिंग प्रतिशत के बीच अंतर सबसे कम एक फीसदी और शहर में करीब चार फीसदी रहा।
2019 के लोकसभा चुनाव में घटकर सात फीसदी पहुंचा अंतर
विधानसभा चुनाव 2017 की तुलना में लोकसभा चुनाव 2019 में पुरुष और महिलाओं के वोटिंग प्रतिशत में अंतर कम रहा। 2017 के चुनाव में जिले में कुल 55.44 फीसदी वोटिंग हुई थी। इसमें 50 फीसदी पुरुष और 62 फीसदी महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत रहा। वहीं वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कुल 56.97 फीसदी वोटिंग हुई। इसमें पुरुष मतदाताओं का वोटिंग प्रतिशत 53.95, जबकि महिला मतदाताओं का वोटिंग प्रतिशत 60.66 रहा।
रोजगार की तलाश में पुरुषों का बाहर बस जाना बड़ी वजह
जानकारों के मुताबिक गोरखपुर के तकरीब सभी विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में पुरुष दिल्ली, मुंबई, पंजाब, गुजरात में रहते हैं, जबकि महिलाएं गांवों में ही रहती हैं। चुनाव के समय तमाम पुरुष मतदाता जिले में नहीं आ पाते हैं। यही वजह है कि महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत, पुरुषों की तुलना में ज्यादा रहता है।
आंकड़ों में विधानसभा चुनाव 2017
विधानसभा क्षेत्र पुरुष प्रतिशत महिला प्रतिशत कुल मतदान प्रतिशत
कैंपियरगंज 53.77 66.61 59.54
पिपराइच 57.28 71.31 63.52
ग्रामीण 50.51 51.62 51.01
शहर 57.17 62.95 59.76
सहजनवां 52.85 65.76 58.59
खजनी 44.44 60.31 51.42
चौरीचौरा 49.52 66.43 57.01
बांसगांव 40.94 57.17 48.11
चिल्लूपार 43.92 59.93 51.02
कुल 50.00 62.21 55.44
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने की कवायद शुरू की गई है। इसके लिए जागरुकता अभियान चलाकर, ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।