यूपी का रण 2022: अब वर्चुअल वार को तैयार है भाजपा, बनाया जा रहा विश्वस्तरीय वार रूम
भाजपा के बेनीगंज स्थित पार्टी कार्यालय में 62 विधानसभा क्षेत्रों का कॉल सेंटर तैयार किया गया है। ऐसे में प्रचार के लिए वर्चुअल रैली और जनसभा की जाएगी। इस दौरान भाजपा नेता एक-एक मतदाता से बात करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चुनाव में रैली, जनसभा और रोड शो पर प्रतिबंध के बाद भाजपा वर्चुअल वार को तैयार है। गोरखपुर जिले के बेनीगंज स्थित कार्यालय में विश्वस्तरीय वार रूम बनाया जा रहा है। इसमें कॉल सेंटर होगा। जनसभा व रैली के लिए स्टूडियो बन रहा है। इसके जरिए एक रैली से पांच से दस लाख लोगों को जोड़ा जा सकेगा। मकर संक्रांति के बाद वर्चुअल योद्धा अपने काम में जुट जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा गोरखपुर क्षेत्र से आजमगढ़, बस्ती और गोरखपुर मंडल के दस जिलों में विधानसभा की 62 सीटें हैं। इनकी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बेनीगंज स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में जो वर्चुअल वार रूम बन रहा है, उसमें बड़ा कॉल सेंटर स्थापित किया जा रहा है। जिसमें 70 कर्मचारियों को तैनाती दी जाएगी। हर विधानसभा क्षेत्र का अपना कंट्रोल रूम होगा। भाजपा नेता एक-एक मतदाता से बात करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार की उपलब्धियां गिनाकर समर्थन मांगेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि भाजपा के आईटी विभाग व सोशल मीडिया सेल का गठन बूथ, मंडल, विधानसभा क्षेत्र व जिला स्तर तक है। प्रचार अभियान को मकर संक्रांति के बाद तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
एक साथ जुड़ सकेगी 62 विधानसभा क्षेत्रों की जनता
भाजपा आईटी विभाग के क्षेत्रीय संयोजक अनादि प्रिय पाठक ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार के कामकाज और उपलब्धियों के साथ भाजपा जनता के बीच है। विश्वस्तरीय वर्चुअल वार रूम बनाया जा रहा है। इससे गोरखपुर, आजमगढ़ व बस्ती मंडल के 10 जिलों की 62 विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा। कॉल सेंटर की मदद से हर मतदाता से संपर्क साधा जाएगा। स्टूडियो बनाया जा रहा है। इसके जरिए बड़ी रैली व जनसभा की जाएगी। एक साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों की जनता को जोड़ा जा सकेगा।
वीडियो संदेश भेजकर मांग रहे समर्थन
सोशल मीडिया क्षेत्रीय संयोजक आरकेश कुमार दुबे ने बताया कि 17 जनवरी से सोशल मीडिया के माध्यम से जनसभा कराने का सिलसिला शुरू होगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के दस जिलों में जिला, बूथ, मंडल और विधानसभा क्षेत्रों में सोशल मीडिया की टीमें काम कर रही हैं। सरकार की उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं। वीडियो संदेश भेजकर समर्थन की अपील की जा रही है।