यूपी: बेकाबू ट्रक ने जयगुरुदेव अनुयायियों से भरी पिकअप में मारी टक्कर, तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जय गुरुदेव की सत्संग में भाग लेने जा रहे अनुयायियों से भरे पिकअप को शनिवार मध्यरात्रि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सबदेइया कला गांव के पास बेकाबू ट्रक ने चपेट में ले लिया। पिकअप पर सवार तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माना जा रहा है कि घने कोहरे के बीच दृश्यता कम होने के कारण हादसा हुआ। घायल श्रद्धालुओं ने बताया कि निजी वाहन पिकअप से सीतापुर से गोरखपुर में बाबा जय गुरुदेव की शोभायात्रा में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम को सात लोग निकले थे।
शनिवार मध्यरात्रि के बाद पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सबदेइया कला गांव के पास पिकअप का टायर पंक्चर हो गया। चालक पहिया खोलने लगा और कुछ लोग सड़क पर खड़े वाहन के किनारे ईंट लगाने लगे, ताकि कोई पीछे से आकर पिकअप से न टकरा जाए। तभी पीछे से आए ट्रक ने सबको रौंदते हुए गोरखपुर की ओर निकल गया।
सड़क पर सभी लोग अचेतावस्था में कुछ देर पड़े रहे। किसी स्थानीय व्यक्ति की नजर पड़ी तो घटना की सूचना पुरानी बस्ती पुलिस को दी गई। मौके पर सहयोगियों के साथ पहुंचे पुरानी बस्ती थानाध्यक्ष ब्रजेंद्र पटेल ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सक ने तीन को मृत घोषित कर दिया। एसएचओ ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतकों में 55 वर्षीय बनवारी लाल निवासी फत्तेपुर, थाना मैगलगंज लखीमपुर खीरी, 38 वर्षीय अमित कुमार निवासी चमखर, थाना महोली और 17 वर्षीय अंकित उर्फ अनिकेत गुप्ता पुत्र गिरिजा दयाल निवासी बड़ागांव, थाना महोली सीतापुर शामिल हैं। घायलों की पहचान 20 वर्षीय विजय निवासी बड़ागांव, थाना महोली सीतापुर, 25 वर्षीय विपिन निवासी महोली, सीतापुर, 20 वर्षीय अनुराग, 22 वर्षीय राहुल महोली, सीतापुर के रूप में हुई।